भमोरा। रविवार दोपहर कछला से जल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के हाई वॉट डीजे के शोर से आधा घंटा तक पुठी मोड़ पर कंपन होता रहा। कानफोड़ूू शोर को पुठी मोड़ पर तैनात पुलिस तमाशबीन बनी देखती रही। एक दूसरे को परास्त करने की होड़ में दोनों डीजे वाले सरेआम अभद्रता करते हुए ललकारते रहे। जब तनातनी मारपीट तक पहुंचने की नौबत आई तो पुलिस ने एक डीजे को रोककर दूसरे को आगे निकाला।
रविवार दोपहर बरेली के कटरा चांद के कांवड़ियों का जत्था कछला से जल लेकर भमोरा पहुंचा था। इस जत्थे में बहजोई का चर्चित डीजे साउंड सिस्टम शामिल था। यह जत्था जब भमोरा में पुठी मोड़ पर पहुंचा तो गेल गांव के कांवड़ियों के जत्थे में शामिल दूसरे डीजे वाले ने उसे मुकाबले के लिए ललकारा। इसे स्वीकार करते हुए दोनों डीजे में एक दूसरे को पछाड़ने की होड़ शुरू हो गई। ग्रामीणों को मजमा लग गया। बीच सड़क पर मुकाबला होने से जाम लगा गया। करीब आधा घंटा सड़क पर मुकाबला चलता रहा। पुठी मोड़ पर तैनात पुलिस तमाशबीन बनी सब देखती रही। बाद में जब दोनों डीजे वाले एक दूसरे को ललकारते हुए गालीगलौज पर उतर आए तो पुलिस ने उन्हें अलग-अलग क्षेत्र में रवाना किया। इस दौरान बच्चे और बुजुर्ग परेशान रहे। डीजे की तेज धमक में एक महिला की तबीयत बिगड़ गई।
झगडे़ के संबंध में किसी ने काई शिकायत नहीं की है। डीजे की तेज आवाज या शर्त को लेकर कोई मामला सामने नहीं आया है। शिकायत या उच्चाधिकारियों से निर्देश मिलेंगे तो कार्रवाई की जाएगी। - जावेद खान, एसओ भमोरा