फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रैक्टर में साइड लगने पर भड़के कांवड़िये, बस में तोड़फोड़, जाम लगाया

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। बीसलपुर रोड पर ग्रीन पार्क कॉलोनी के सामने रविवार सुबह कांवड़ियों का रौद्र रूप देखने को मिला। ट्रैक्टर में साइड लगने पर उन्होंने निजी बस में तोड़फोड़ कर दी। बस के सारे शीशे तोड़ डाले और ड्राइवर को जमकर पीटा। रोड पर जाम भी लगा दिया। कई थाने की पुलिस और अधिकारी पहुंचे तो घंटे भर बाद उन्हें मुश्किल से मनाकर भेजा गया।
विज्ञापन

भुता क्षेत्र के रसूला गांव निवासी कांवड़ियों का जत्था कछला से गंगाजल लेकर रविवार सुबह सवा नौ बजे रुहेलखंड चौकी से बीसलपुर रोड की ओर मुड़ा। महंत के तौर पर महेश इसका नेतृत्व कर रहे थे। जत्थे में ही आगे चल रहे दो लोग रास्ते से वाहनों को इधर-उधर करने का काम कर रहे थे। ग्रीन पार्क गेट के पास कांवड़ियों के ट्रैक्टर के पीछे बीसलपुर दिशा में जा रही प्राइवेट बस आ गई। बस ने ट्रैक्टर को ओवरटेक किया और आगे आ गई। वाहनों को निकलवाने के दौरान एक और वाहन बस के आगे आया तो ड्राइवर इस्लामुद्दीन उर्फ गुड्डू ने ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे आ रहे कांवड़ियों के ट्रैक्टर में लगे बांस बस के पीछे शीशे में घुस गए। शोर मचा तो बस को आगे-पीछे करने की कोशिश में ट्रैक्टर के अगले हिस्से से बस का पिछला हिस्सा लग गया। तब कांवड़ियों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने ड्राइवर को बस से खींचकर पीटना शुरू किया तो उसमें करीब चालीस मुसाफिर उतरकर भाग निकले। बाद में ड्राइवर भी इनके चंगुल से छूटकर निकल भागा। थोड़ी देर में कांवड़ियों ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि डंडों और पत्थरों से बस के सारे शीशे तोड़ डाले। उन्होंने बस के आगे कांवड़ रखकर जाम लगा दिया। शुरू में मौके पर चीता पुलिस ही थी पर बवाल की सूचना पर बारादरी, कोतवाली, इज्जतनगर समेत कई थानों की पुलिस आ गई। एसपी सिटी और सीओ थर्ड भी आ गए। अधिकारियों ने बड़ी मुश्किल से कांवड़ियों को मनाया। इसके बाद कांवड़िये भुता की ओर चले गए।

कांवड़ियों पर हो सकती है रिपोर्ट
बस में तोड़फोड़, ड्राइवर पर हमला और बीसलपुर हाईवे जाम करने के मामले में पुलिस जत्थेदार समेत करीब सौ कांवड़ियों पर रिपोर्ट के मूड में है। इसके लिए रुहेलखंड चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार से इनके नाम-पते का रिकॉर्ड तलब किया गया है।
विज्ञापन


ड्राइवर बोला- भागता न तो भीड़ मार डालती
बारादरी थाने में अपना मेडिकल परीक्षण कराने आया ड्राइवर पदारथपुर निवासी इस्लामुद्दीन बेहद सहमा हुआ था। उसने साफ कहा कि अगर वह जान बचाकर मौके से नहीं भागता तो भीड़ उसे मार ही देती। बताया कि वह अपने साथ हुई घटना की रिपोर्ट कराना चाहता है।

कांवड़ियों ने यूपी 100 पुलिस पर लगाए आरोप
मौके पर बवाल कर रहे कांवड़ियों का कहना था कि पुलिस मौके पर होती तो उन्हें हंगामा करने की जरूरत नहीं पड़ती। आरोप लगाया कि थोड़ी दूर पर यूपी 100 पुलिस थी। उसमें कुछ पुलिसकर्मी शराब पी रहे थे। उन्होंने कांवड़ियों की बात ही नहीं सुनीं तो हंगामा करना पड़ा। कहा कि ड्राइवर की पिटाई नहीं की गई उसे छोड़ दिया गया।

कांवड़ियों ने जरूरत से ज्यादा हंगामा कर दिया। उनके ट्रैक्टर में कोई टूटफूट नहीं हुई और न ही किसी कांवड़िये को चोट आई। इसके बाद भी तोड़फोड़ और जाम लगाया गया। हंगामा करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट कराने के लिए अधिकारियों से विमर्श कर रहे हैं।
विज्ञापन

- अभिनंदन सिंह, एसपी सिटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें