कानपुर सेंट्रल-बरेली के बीच यात्रा में एक माह तक समस्या होगी। रेलवे ने 12210-09 काठगोदाम-कानपुर सेंट्रल गरीब रथ एक्सप्रेस को 30 सितंबर तक निरस्त कर दिया है। सप्ताह में दो दिन चलने वाली 12470-69 जम्मूतवी-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस पहले से ही निरस्त चल रही है। ऐसे में अब बरेली-कानपुर सेंट्रल के बीच सप्ताह में एक ही गाड़ी 22446-45 अमृतसर-कानपुर सेंट्रल सुपरफास्ट बची है।
परिचालन कारणों के चलते 12210 काठगोदाम-कानपुर सेंट्रल गरीब रथ एक्सप्रेस आठ, 15, 22 और 29 सितंबर को, जबकि 12209 कानपुर सेंट्रल-काठगोदाम गरीब रथ एक्सप्रेस को नौ, 16, 23 और 30 सितंबर को निरस्त किया गया है। पिछले दिनों जम्मू में भूस्खलन के कारण जम्मूतवी-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस निरस्त चल रही है।
दो जोड़ी गाड़ियां निरस्त होने के बाद प्रत्येक सोमवार और मंगलवार को चलने वाली अमृतसर-कानपुर सेंट्रल सुपरफास्ट पर दबाव बढ़ गया है। इस ट्रेन में इन दिनों तेजी से टिकट बुकिंग हो रही है। इधर, गोरखपुर से 22 सितंबर को चलने वाली 12587 गोरखपुर-जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस, जम्मूतवी से 27 सितंबर को चलने वाली 12588 जम्मूतवी-गोरखपुर अमरनाथ एक्सप्रेस और 23 सितंबर को जम्मूतवी से चलने वाली 15098 जम्मूतवी-भागलपुर एक्सप्रेस को भी निरस्त कर दिया गया है।