पीलीभीत संसदीय क्षेत्र को लगातार मिल रही नई सौगातें - केंद्रीय राज्यमंत्री
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल अभूतपूर्व बदलाव के दौर से गुजर रही है। आधुनिक रेलवे स्टेशन, नई ट्रेनों का संचालन, दोहरीकरण, विद्युतीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ देश का रेल नेटवर्क तेजी से विकसित हो रहा है। इसी क्रम में पीलीभीत संसदीय क्षेत्र को भी लगातार नई सौगातें मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में क्षेत्र की रेल संबंधी मांगों को रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार मजबूती से रखा गया। इसके परिणामस्वरूप नई रेल सेवाओं का संचालन, विभिन्न ट्रेनों का विस्तार, महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव, यात्री सुविधाओं में वृद्धि और वर्षों से लंबित कई प्रस्तावों को स्वीकृति मिली है। पीलीभीत, पूरनपुर और मैलानी क्षेत्र को बेहतर रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं।
नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने से सबसे अधिक लाभ दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं, व्यापारियों, किसानों, सरकारी एवं निजी कर्मचारियों और मरीजों को मिलेगा। लखनऊ, बरेली और तराई क्षेत्र के बीच आवागमन पहले की तुलना में अधिक सरल, सुरक्षित और समयबद्ध हो जाएगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नया बल मिलेगा।
रेलवे ने जारी की समय सारिणी
रेलवे की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार 15312 कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस प्रतिदिन सुबह 4:20 बजे कासगंज से रवाना होगी। ट्रेन सुबह 6:13 बजे बरेली, 6:55 बजे पीलीभीत, 7:18 बजे पूरनपुर, 7:35 बजे मैलानी, 9:25 बजे सीतापुर पहुंचते हुए 10:52 बजे ऐशबाग (लखनऊ) पहुंचेगी।
वापसी में 15311 ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे ऐशबाग से रवाना होगी। यह ट्रेन शाम 5:15 बजे सीतापुर, 6:40 बजे मैलानी, 6:58 बजे पूरनपुर, 7:33 बजे पीलीभीत, 8:08 बजे बरेली, 9:05 बजे बदायूं होते हुए रात 10:40 बजे कासगंज पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ट्रेन का ठहराव
ट्रेन का नियमित ठहराव उझानी, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर, सिधौली और मोहिबुल्लापुर स्टेशनों पर होगा। इसका संचालन प्रतिदिन किया जाएगा।