फतेहगंज पूर्वी। गांव कादरगंज के पास रामगंगा नदी में सोमवार सुबह नौ बजे कांवड़ियों के साथ जल भरने आया विशाल राठौर (18) नहाते समय पैर फिसलने से नदी में डूब गया। पुलिस गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कर रही है।
राना कॉलोनी फरीदपुर निवासी जयराम का पुत्र विशाल अपने पड़ोसी युवकों के साथ रामगंगा नदी से जल लेने कादरगंज आया था। सभी कांवड़ियों को फरीदपुर के भुता रोड पर स्थित पहलऊ नाथ शिव मंदिर पर भोलेनाथ का जलाभिषेक करना था, लेकिन सुबह करीब दस बजे विशाल रामगंगा में नहाते समय डूब गया है। सूचना पाकर रोते-बिलखते परिजन रामगंगा नदी के पास पहुंचे। कांवड़ियों ने बताया कि सभी लोग नदी में नहा रहे थे, तभी अचानक पैर फिसल से विशाल पानी में डूबने लगा।
अन्य साथियों ने हाथ पकड़कर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन हाथ छूटने की वजह से वह उसे बचा नहीं सके। वहां मौजूद गोताखोरों ने नदी में उसे तलाशने की कोशिश की, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। थाना प्रभारी ओमप्रकाश गौतम ने गांव नगरिया कला से गोताखोरों को बुलवाया। एसडीएम फरीदपुर निधि डोडवाल, नायाब तहसीलदार, सीओ गौरव सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने पीएसी और एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया और मोटरबोट के जरिये जाल डालकर युवक की तलाश की गई, लेकिन शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया है।
साथी कांवड़ियों ने नहीं भरा जल
फरीदपुर से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और मोटरसाइकिलों से पहुंचे साथी कांवडियों ने विशाल के नदी में डूबने के बाद नदी से जल नहीं भरा। शाम तक सभी उसके मिलने के इंतजार में नदी के किनारे बैठे रहे थे।