पिछले सावन में हुआ था दोहरा फायदा
उस्मान ने बताया कि उनकी हाफिजगंज के फूलबाग मोहल्ला में डीजे साउंड की दुकान है। दो दिन पहले गांव बमनपुरी नवदिया निवासी रविंद्र ने दूसरे सोमवार को कछला गंगा घाट के लिए उनके डीजे की तीन दिन की बुकिंग की है। उनका कहना है कि पिछले साल दो माह के सावन में आठ सोमवार थे तो शिवभक्तों की वजह से उनका दोगुना लाभ हुआ था। इस बार भी उन्हें अच्छी कमाई की उम्मीद है। इरफान साउंड सार्विस के मालिक इरफान का कहना है कि रविवार को उन्होंने भी कांवड़ में डीजे की बुकिंग कर ली है।
बाहर के डीजे कर रहे नुकसान, पर बुकिंग फुल
आंवला निवासी डीजे संचालक मुन्ना मंसूरी ने बताया कि बहजोई, रुद्रपुर, सितारगंज आदि स्थानों के बड़े डीजे अब स्थानीय कांवड़ यात्री भी मंगाने लगे हैं। इससे उनके धंधे पर असर पड़ा है। बड़े डीजे सड़क पर ज्यादा जगह घेरकर चलते हैं और कानफोड़ू आवाज निकालते हैं जो नुकसानदायक है। इसके बावजूद इस साल भी उनका काम हल्का नहीं है। स्थानीय शिवभक्तों ने आगे के तीनों सोमवार के लिए उनका डीजे बुक कराया है।