बरेली। कांकरटोला में शिक्षिका से छेड़छाड़ और फायरिंग करने का आरोपी नदीम पुलिस का दबाव पड़ने पर शनिवार सुबह खुद थाने पहुंच गया। पुलिस ने उसे हवालात में डालकर उसके अन्य साथियों की तलाश भी शुरू कर दी। कांकरटोला चौकी इंचार्ज ने मौके पर पहुंचकर रिपोर्ट लिखाने वाले मुतवल्ली के बयान भी दर्ज किए हैं।
निजी स्कूल से पढ़ाकर लौट रही शिक्षिका से शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे पुराना शहर के नदीम ने छेड़छाड़ की थी। ये देख नमाज पढ़कर लौट रहे रोहली टोला निवासी मस्जिद के मुतवल्ली मंजूर आगा खान ने नदीम को टोकते हुए उसके थप्पड़ भी मार दिया था। जिससे गुस्साया नदीम शाम छह बजे अपने तीस चालीस साथियों के साथ मुतवल्ली के घर पहुंचा था। मारपीट कर गाली गलौज करते हुए हमलावरों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। पुलिस ने रात में ही नदीम के होटल और घर पर दबिश दी थी। होटल पर काम करने वाले शकील को उठा लिया था। जिसका दबाव पड़ने पर नदीम शनिवार सुबह खुद थाने पहुंच गया।
बोला, दोस्त की बहन समझकर बोला था टीचर से
नदीम का कहना है कि वह समझा कि उसकी दोस्त की बहन जा रही है। इसी धोखे में वह टीचर से बोला कि बहन कहां जा रही हो। बस इतना कहते ही टीचर ने तो कुछ नहीं कहा, बल्कि मुतवल्ली ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। ये देख अन्य लोगों ने भी उसकी पिटाई कर जख्मी कर दिया। वह जैसे तैसे करके जान बचाकर भागा और शाम को मुतवल्ली के घर बेवजह पीटने की शिकायत करने आया और उस पर फायरिंग का गलत आरोप लगा दिया गया। नदीम का आरोप है कि मोहल्ले के लोगों ने ही फायरिंग की थी। उसने नहीं की।
इंस्पेक्टर का दावा फायरिंग नहीं सिर्फ छेड़छाड़ की
इंस्पेक्टर मुहम्मद कासिम ने कहा कि अब तक की जांच में सिर्फ टीचर से छेड़छाड़ का मामला पाया गया है। फायरिंग की बात हल्ला मचाने वालों ने गलत बोल दी। फिर भी जांच कराई जा रही है।
मुतवल्ली और लड़की के घर वालों के बयान लिए
कांकरटोला चौकी इंचार्ज दीनदयाल यादव ने कांकरटोला में रहने वाली टीचर के घर पहुंचकर घरवालों के बयान दर्ज किए। साथ ही रिपोर्ट लिखाने वाले मुतवल्ली के बयान भी दर्ज किए गए।