बरेली। साधन सहकारी समितियों के साॅफ्टवेयर को अपडेट किया जा रहा है। जिले में तीन चरणों में यह काम होना है। पहले और दूसरे चरण का काम लगभग पूरा हो चुका है। इस माह के अंत तक तीसरे चरण का काम शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद अफसर एक क्लिक कर समितियों के बारे में पूरी जानकारी ले सकेंगे।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता डाॅ. बृजेश सिंह परिहार ने बताया कि जिले में 142 साधन समितियां है। कुछ समय पहले तक किसान इन समितियों से खाद, बीज और ऋण लेते थे। कुछ समितियों पर गेहूं और धान की खरीदारी भी की जाती है।
हाल के वर्षों में घपले सामने आए तो कई समितियों को बंद करना पड़ा। आगे ऐसा न हो, इसलिए सॉफ्टवेयर को अपडेट किया जा रहा है। पहले चरण में 40 समितियों का काम पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में 36 पर काम चल रहा है।
31 मार्च तक डाटा अपलोड किया जा रहा है। तीसरे चरण में 66 समितियों का डाटा अपलोड किया जाएगा। फिर इसे प्रदेश और केंद्र से जोड़ा जाएगा। इससे गड़बड़ी की संभावना कम हो जाएगी। शासन के निर्देश पर 19 समितियों पर दो-दो किलोवाट के सौर ऊर्जा संयंत्र भी लगाए जा चुके हैं। संवाद