बरेली। जंक्शन के प्लेटफाॅर्म नंबर पांच पर मंगलवार को पंखे खराब होने से यात्री पसीने से तरबतर हुए। शिकायत करने के बाद भी देर शाम तक पंखे चालू नहीं हो सके। जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पांच और छह पूर्वोत्तर रेलवे के हैं।
बरेली-कासगंज-पीलीभीत लाइन की ट्रेनों का संचालन जंक्शन के प्लेटफाॅर्म नंबर पांच और छह से किया जाता है। इन दोनों प्लेटफाॅर्म पर रोजाना सात-आठ हजार यात्रियों का आवागमन होता है। यहां उत्तर रेलवे के प्लेटफाॅर्म नंबर एक और दो को छोड़ दें तो तीन और चार पर यात्री सुविधाओं के खास प्रबंध नहीं हैं। इससे भी ज्यादा बुरी स्थिति प्लेटफाॅर्म नंबर पांच और छह की है। यहां व्यवस्थाओं को लेकर उत्तर और पूर्वाेत्तर रेलवे गेंद एक-दूसरे के पाले में डालते रहते हैं।
मंगलवार को प्लेटफाॅर्म नंबर पांच के टिन शेड में लगे सात पंखे खराब हो गए। आदित्य गुप्ता नाम के यात्री ने स्टेशन अधीक्षक से शिकायत की तो उन्होंने प्लेटफाॅर्म की व्यवस्था पूर्वोत्तर रेलवे के पास होने की बात कह दी। पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि पंखे खराब होने संबंधी शिकायत सोशल मीडिया के जरिये मिली है। ठीक कराया जा रहा है।