बरेली के रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पंडित दीनदयाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही एथलेटिक्स प्रतियोगिता का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। इसमें जेएसएच कॉलेज अमरोहा की टीम ओवरऑल चैंपियन रही।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता की विभिन्न स्पर्धाओं में अलग-अलग कॉलेजों से महिला वर्ग में 36 व पुरुष वर्ग में 33 टीमों ने प्रतिभाग किया। व्यक्तिगत चैंपियनशिप (महिला) में मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज चंदौसी की स्वाति पाल, पुरुष वर्ग में इसी कॉलेज के राम सिंह ने बाजी मारी। टीम चैंपियनशिप का खिताब पुरुष वर्ग में एसएस कॉलेज शाहजहांपुर व महिला वर्ग में जेएसएच कॉलेज अमरोहा के नाम रहा।
विज्ञापन
जेएसएच कॉलेज अमरोहा की टीम ओवरऑल चैंपियन रही। समापन समारोह में मुख्य अतिथि कुलसचिव संजीव कुमार, वित्त अधिकारी विनोद कुमार, प्रो. पीबी सिंह, डॉ. अमित सिंह व उप कुलसचिव सुनीता यादव ने विजेताओं को पदक देकर सम्मानित किया। क्रीड़ा सचिव प्रो. आलोक श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया। संचालन जहीर अहमद ने किया। इस दौरान क्रीड़ा सचिव परिसर डॉ. नीरज कुमार, प्रो. संजय गर्ग, प्रो. एसके पांडे, प्रो. यतेंद्र कुमार, डॉ. अतुल कटियार, तपन वर्मा उपस्थित रहे।
मैराथन के लिए नहीं मिले एथलीट, दौड़ा एक खिलाड़ी
मैराथन (महिला) में मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज चंदौसी की स्वाति पाल पहले, इसी कॉलेज की पूजा दूसरे व हिंदू कॉलेज मुरादाबाद की कनिका पाल तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, मैराथन पुरुष के लिए 13 खिलाड़ियों ने आवेदन किया था, लेकिन मात्र एक एथलीट दौड़ने पहुंचा। ऐसे में वर्धमान कॉलेज बिजनौर के सोहित कुमार को प्रदर्शन के आधार पर विजेता घोषित कर दिया गया।
विज्ञापन
दौड़ लगातीं प्रतिभागी
- फोटो : अमर उजाला
पुराने नियम ने उलझाया, धामपुर ने किया अपडेट
1600 मीटर रिले में आरएसएम कॉलेज धामपुर ने अधिकारियों को नए नियम से अवगत कराया। दरअसल, उनकी टीम के दो खिलाड़ियों ने पुराने नियम के मुताबिक एक रिले में प्रतिभाग कर लिया था। वे दूसरी रिले में हिस्सा लेना चाहते थे। अधिकारियों ने रोका तो उन्होंने खेल से संंबंधित नए नियम के बारे में बताया। इसके बाद खिलाड़ियों को दो रिले में हिस्सा लेने का मौका दिया गया।
एक सेकंड के अंतर से राम बने विजेता
महिला वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में राजकीय महाविद्यालय फरीदपुर की ललिता प्रथम, एसएस कॉलेज शाहजहांपुर की अंंशु कुमारी द्वितीय व वीआरएएल राजकीय महिला कॉलेज की इरम तृतीय स्थान पर रहीं। 1500 मीटर पुरुष दौड़ में मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज चंदौसी के राम सिंह (3.51 सेकंड) पहले, एसएस कॉलेज शाहजहांपुर के गौरव (3.52) दूसरे व आरएसएम कॉलेज धामपुर रामचंद्र तीसरे पायदान पर रहे।
हैमर थ्रो में हरविंद्र अव्वल
हैमर थ्रो (महिला) में जेएसएच कॉलेज अमरोहा की लक्ष्मी शर्मा प्रथम, केजीके कॉलेज मुरादाबाद की मनी सैनी द्वितीय व जेएसएच कॉलेज की दीपांशी तृतीय पायदान पर रहीं। हैमर थ्रो (पुरुष) में जेएसएच कॉलेज के हरविंद्र बेनीवाल पहले व रमाबाई आंबेडकर कॉलेज गजरौला के नितिश दूसरे स्थान पर रहे।
दौड़ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करतीं छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
एथलीटों ने दिखाया दमखम
महिला वर्ग : 100 मीटर दौड़ में जेएसएच कॉलेज की तनीशा चौधरी प्रथम, एलआरएम कॉलेज नगीना की ईशू गोडियाल द्वितीय व अब्दुल रज्जाक कॉलेज जोया अमरोहा की नेहा ने तृतीय स्थान हासिल किया। 400 मीटर में आरएसएम कॉलेज धामपुर की मनीषा प्रथम, राजकीय रजा कॉलेज रामपुर की सरिता द्वितीय व अब्दुल रज्जाक कॉलेज जोया अमरोहा की अनामिका तृतीय रहीं। 3,000 मीटर स्टेपलचेज में एसएन दास कॉलेज की हर्षी सैनी पहले, रमाबाई कॉलेज की मंतशा दूसरे व आरएसएम कॉलेज धामपुर की कीर्ति तीसरे पायदान पर रहीं।
पुरुष वर्ग : 100 मीटर दौड़ में कृष्णा कॉलेज बिजनौर के निशांत पहले, एसएस कॉलेज शाहजहांपुर के पवन दूसरे व अब्दुल रज्जाक कॉलेज जोया के निशांत तीसरे पायदान पर रहे। 400 मीटर एसएस कॉलेज के रितिक प्रथम, आरएसएम कॉलेज धामपुर के सूरज द्वितीय व एसएस कॉलेज के कपिल तृतीय स्थान पर रहे। 3,000 मीटर स्टेपलचेज में आरएसएम कॉलेज के रामचंद्र प्रथम, मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज चंदौसी के पुनीत द्वितीय व एसएस कॉलेज शाहजहांपुर के शिवम शर्मा तृतीय स्थान पर रहे।