बरेली। एसआरएमएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीईटी) की ओर से आयोजित श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन- सात के छठे दिन सोमवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। जेपीएम और बेदी इंटरनेशनल की टीम ने अपने-अपने मैच में जीत दर्ज की।
दिन के पहले मैच में जेपीएम पब्लिक स्कूल ने हार्टमैन कॉलेज को बेहद करीबी मुकाबले में दो रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जेपीएम की टीम 15.3 ओवर में 119 रन बनाकर सिमट गई। जवाब में हार्टमन कॉलेज ने शानदार शुरुआत की और आठ ओवर में बिना किसी नुकसान के 53 रन जोड़ लिए थे, लेकिन जेपीएम के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए मैच को अंतिम ओवर तक खींच लिया। आखिरी गेंद पर हार्टमन को जीत के लिए तीन रन चाहिए थे, तभी जहांगीर खान और फैज रजा की चुस्त फील्डिंग ने समर्थ मेहरोत्रा को रन आउट कर जेपीएम को जीत दिला दी। जेपीएम के मोहम्मद सैफ को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन (13 रन और दो विकेट) के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दोपहर में खेले गए 12वें मैच में बेदी इंटरनेशनल ने डीपीएस को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। डीपीएस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 136 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेदी इंटरनेशनल की टीम ने 14वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। अर्धशतक जड़ने और दो विकेट लेने वाले तेजस्व को मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी डॉ. प्रभाकर गुप्ता और इंजीनियर निपुन पांडेय ने प्रदान की।
मिशन एकेडमी स्कूल की टीम अयोग्य घोषित
रविवार को खेले गए 10वें मैच में मिशन एकेडमी ने जीपीएम स्कूल को हराया था, जिसके बाद जीपीएम के कोच ने खिलाड़ियों के सत्यापन को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। जांच समिति के सामने साक्ष्य पेश न करने और खिलाड़ियों के उपस्थित न होने पर मिशन एकेडमी को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया और जीपीएम स्कूल को वॉकओवर के आधार पर विजेता घोषित किया गया।