बरेली की पहचान बन चुका ‘झुमका’ एक बार फिर अपने नए और भव्य रूप में शहर की शोभा बढ़ाने के लिए तैयार है। लंबे समय से चल रहे नवीनीकरण के कार्य के बाद, बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) दो दिनों के भीतर इसे फिर से बरेली-दिल्ली हाईवे पर जीरो प्वाइंट के पास स्थापित करने की तैयारी में है।
बृहस्पतिवार रात बिहारीपुर से झुमके को पूरी सुरक्षा बीच जीरो प्वाइंट के लिए रवाना किया गया। झुमके का कायाकल्प प्रदीप ओबेरॉय की देखरेख में किया गया है। उन्होंने बताया कि बीडीए ने 17 जनवरी को इस झुमके को मरम्मत और सुंदरीकरण के लिए उन्हें सौंपा था। करीब दो महीने की मेहनत के बाद इसे नया रूप दिया गया है।
करीब 2.70 क्विंटल वजन वाले इस झुमके पर विशेष प्रकार की पॉलिश की गई है, जिससे इसकी चमक पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। बीडीए ने उस पूरे चौराहे को भी एक नया स्वरूप दिया हैं। झुमका तिराहे के आसपास के क्षेत्र को खूबसूरत बनाने के लिए सफाई, ग्रिल, दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है।