गुलड़िया। सिरौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला गुलड़िया गौरी शंकर गांव में एक सप्ताह के अंदर चोरी की दूसरी बड़ी घटना हुई है। शुक्रवार रात गांव के एक घर से चोर तीन लाख की नकदी समेत 10 लाख रुपये के जेवर समेट ले गए। पीड़ित ने पुलिस से मामले की शिकायत की है।
गुलड़िया गौरी शंकर निवासी नन्हे लोधी ने बताया कि वह परिवार के साथ घर के आंगन में सो रहे थे। मध्य रात्रि एक से तीन बजे के बीच चोर उनके घर में घुस आए और उनके तीनों भाइयों के कमरे खंगाल लिए। इसमें नन्हे ने तीन लाख की नकदी, दो पुत्रवधू और बेटी का लगभग 10 लाख रुपये कीमत के जेवर रखे थे, जिसको चोर उड़ा ले गए। नन्हे ने बताया कि उसके घर के पीछे काफी दूर जाकर संदूक पड़े मिले हैं। पुलिस को तहरीर दी गई है।
एक सप्ताह पहले व्यापारी के ई-रिक्शा से उड़ाए थे 87 हजार रुपये
एक सप्ताह पहले गुलड़िया में एक किराना व्यापारी के ई-रिक्शा से दिनदहाड़े 87 हजार की रकम चोर निकल ले गए थे। इससे दो दिन पहले पिपरिया गांव में एक पकौड़ी दुकानदार की घर से भी चोरों ने लाखों रुपये का सामान साफ कर दिया था। क्षेत्र में एका-एक बड़ी चोरियों से दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित परिवार पुलिस को करता रहा फोन
गुलड़िया गौरी शंकर गांव में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के घर से लगभग 200 मीटर दूरी पहले नन्हे लोधी के घर में हुई चोरी की घटना के बाद पीड़ित परिवार चौकी बड़गांव पुलिस को घटना के बाद से फोन करता रहा, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद नन्हे के एक परिचित ने इंस्पेक्टर सिरौली को फोन कर घटना से अवगत कराया, तब बड़ागांव चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
कई महीनों से बंद है रात्रि गश्त
सिरौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी बड़गांव की तरफ से पिछली कई महीनों से रात्रि गश्त बंद कर दी गई है। इसका यह परिणाम है कि गांवों में चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। ग्राम प्रधान ज्ञानचंद ने दोबारा से रात्रि गश्त शुरू कराने की मांग की है। संवाद
गुलड़िया में हुई चोरी की घटना की तहरीर मिली है, रिपोर्ट दर्ज करा रहे हैं। पुलिस गश्त कर रही है या नहीं।अब यह मैं खुद चेक करूंगा ।
-लव सिरोही, इंस्पेक्टर सिरौली