गांव बरसेर सिकंदरपुर का मामला, जांच में जुटी पुलिस
सिरौली/रामनगर। थाना क्षेत्र के गांव बरसेर सिकंदरपुर के प्रधान के घर में घुसकर शुक्रवार दिन में साढ़े ग्यारह बजे चोर तीन लाख रुपये के जेवर, 50 हजार की नकदी और अन्य सामान चोरी कर ले गए। घर में सीसी कैमरे होने के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कैमरों की रिकाॅर्डिंग कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चमेली देवी पत्नी सुंदरलाल लोधी गांव की प्रधान हैं। वह भाजपा के वरिष्ठ नेता भी हैं। शुक्रवार को प्रधान के पति सुंदरलाल किसी काम से सिरौली गए थे। उनकी पत्नी घर के पास ही पशुशाला में पशुओं की देखरेख में लगीं थीं। गनर भी अपने घर पर था। खाली घर देख चोर दिन में प्रवेश कर गए। कैमरों को बंद कर दिया गया। घर के अंदर कमरे में रखे बक्सों के ताले तोड़कर गहने और रुपये चोरी कर ले गए। सूचना पर आई पुलिस को जांच में प्रधान के पति के गनर के कमरे से करीब 27 हजार रुपये व एक चेन पड़ी मिली है। प्रधान के पति ने बताया कि उनके बेटे की शादी है। उन्होंने शादी के लिए गहने खरीदे थे।
इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि मौके पर जांच की गई। कुछ सामान और नकदी घर में मिली है। इसलिए मामला संदिग्ध दिख रहा। तहरीर मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी । संवाद