भोजीपुरा। बहेड़ी से दावत समारोह में शामिल होकर लौट रहे बाइक सवार दंपती से असलहों के बल पर बदमाशों ने आभूषण व नकदी लूट लिए। एक ट्रैक्टर चालक से भी नकदी लूट ली। सूचना पर एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
देवरनियां थाना क्षेत्र के भोजपुर निवासी देवेंद्र गंगवार ने बताया कि वह रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज में बतौर नर्सिंग स्टाफ काम करते हैं। परिवार के साथ ही वह मेडिकल कॉलेज में रहते हैं। देवेंद्र ने बताया कि बुधवार को वह पत्नी मंजू देवी के साथ बहेड़ी में एक रिश्तेदार के यहां दावत में शामिल होने गए थे। रात करीब एक बजे वह लौट रहे थे। नैनीताल हाईवे पर गांव अटापट्टी शुमाली के पास पीछे से आए इको सवार बदमाशों ने बाइक रुकवा ली।
गाड़ी से उतरे दो आरोपियों ने तमंचा और पौनिया दिखाकर जेब से रुपये निकाल लिए। पर्स में छह सौ रुपये थे। बदमाशों ने पत्नी से गले में पहनी सोने की चेन, अंगूठी और झुमकी उतरवा ली। स्मार्टफोन को तोड़ दिया। इसके बाद वह बरेली की ओर भाग गए। वहीं, बदमाशों ने भोजीपुरा के गांव दोहराया पचदौरा निवासी ट्रैक्टर चालक शाहजत अली से भी नकदी लूट ली।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा जगत सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज की रिकॉर्डिंग देखी। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी नॉर्थ मुकेश चंद मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।