हाफिजगंज। सहपाठी छात्रा से बात करने का आरोप लगाकर युवकों ने कॉलेज गेट पर बीटेक छात्र से मारपीट करने के साथ जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित छात्र के पिता की तहरीर पर दो नामजद सहित 10-11 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पीलीभीत के पूरनपुर निवासी अनुराग मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा शिशिर मिश्रा रिठौरा के एक कॉलेज में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र है। वह हॉस्टल में रहता है। बेटे के मोबाइल फोन पर कुछ दिन पहले अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम पंकज वोरा बताया। उसने बेटे पर सहपाठी छात्रा से बात न करने का दबाव बनाया। कहा कि उसकी वजह से छात्रा ने मुझसे बात करना बंद कर दिया है।
बेटे ने जब किसी से बात करने से मना किया तो आरोपी ने धमकी दी। 11 फरवरी को एक युवक ने कॉल करके अपना नाम शिवांश शर्मा बताया। कॉलेज से बाहर बुलाने के बाद उसकी पिटाई की। तहरीर पर पुलिस ने पंकज वोरा, शिवांश शर्मा सहित 10-11 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।