गंगा-सतलज और पंजाब मेल को कॉशन पर गुजारा गया
बरेली। मूंढापांडे-दुगनपुर स्टेशन के बीच पटरी में जर्क आने से गंगा-सतलज और पंजाब मेल को कॉशन पर गुजारा गया। सूचना मिलने पर इंजीनियरिंग विभाग ने पटरी की मरम्मत की। सूत्रों का कहना है कि पटरी में मामूली जर्क था। हालांकि रात में भी ट्रेनें इसी पटरी से गुजरती रहीं।
शुक्रवार को इस सेक्शन से गुजरने वाली मालगाड़ी को मूंढापांडे और दुगनपुर स्टेशन के बीच झटका लगा तो ड्राइवर ने स्टेशन मास्टर की सूचना दी। स्टेशन मास्टर से मेसेज मिलने पर गेटमैन ने डाउन लाइन की पटरी चेक की तो उसे एक स्थान पर जर्क मिला। उसने तुरंत स्टेशन मास्टर को इसकी जानकारी दी। उन्होंने रेलवे कंट्रोल मुरादाबाद को मेसेज देकर ट्रेनों को रोककर चलाने को कहा। इसके बाद फिरोजपुर से धनबाद जा रही गंगा-सतलज एक्सप्रेस और अमृतसर से हावड़ा जा रही पंजाब मेेल को आसपास के स्टेशनों पर रोक दिया गया। इंजीनियरिंग अनुभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जर्क की मरम्मत की। इसके बाद कॉशन पर ट्रेनें चलाईं गईं। सूत्रों का कहना है कि रात भर ट्रेनें इसी पटरी से झटके खाते हुए गुजरतीं रहीं। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने पटरी में जर्क आने से इनकार किया है।
रोजा के पास पलटने से बची राजधानी एक्सप्रेस
उधर, डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस रोजा के पास अचानक एक जानवर के आगे जाने पर ड्राइवर के इमरजेंसी ब्रेक लगाने से पलटने से बची। रोजा जंक्शन के पास गेट नंबर 316 के पास राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में एक जानवर आ गया। ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका, लेकिन तब तक जानवर इंजन से टकरा गया और उसके मांस के लोथड़े काउकेचर में फंस गए। अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगने से कई यात्री सीटों से गिरकर चुटैल हो गए। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। रेलवे कंट्रोल के आदेश पर ट्रेन को रोककर सफाई कर्मियों ने लोथड़ों को निकाला। इस दौरान करीब आधा घंटे तक ट्रेन खड़ी रही।