भीड़भाड़ से बचने को परीक्षा से एक-डेढ़ घंटे पहले ही पहुंचे तमाम अभ्यर्थी
विज्ञापन
मास्क और सैनिटाइजर के साथ ही ऑनलाइन परीक्षा में होने दिया गया शामिल
बरेली। कोरोना की वजह से जेईई मेंस की परीक्षा में करीब 40 फीसदी अभ्यर्थियों ने पहले ही दिन परीक्षा छोड़ दी। ऑनलाइन हुई इस परीक्षा को कराने के लिए जिले में एकमात्र सिद्धि विनायक इंस्टीट्यूट को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने परीक्षा देने के बाद खुशी जाहिर की। जिन अभ्यर्थियों के पास मास्क नहीं था, उन्हें गेट पर ही मास्क के साथ सैनिटाइजर दिया गया। भीड़भाड़ से बचने के लिए परीक्षा के एक से डेढ़ घंटा पहले ही अभ्यर्थियों का आना शुरू हो गया।
नैनीताल रोड स्थित इंस्टीट्यूट में जेईई की परीक्षा देने के लिए दो पालियों में परीक्षाएं होनी थी। पहली पाली में सुबह नौ से 12 बजे ऑनलाइन परीक्षा के लिए 121 अभ्यर्थियों को शामिल होना था लेकिन केवल इसमें से केवल 68 ने ही परीक्षा दी, बाकी 53 ने छोड़ दी। इसकी तरह दूसरी पाली जो तीन से छह बजे तक चली। उसमें 128 अभ्यर्थियों के पंजीकरण थे लेकिन केवल 81 ने ही परीक्षा दी। 47 अभ्यर्थी नहीं आए। कोरोना की वजह से लगभग 60 फीसदी छात्र ही परीक्षा में शामिल हुए। डीपीएस के प्रिंसिपल और सिटी कोऑर्डिनेटर वीके मिश्रा ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी तरह से कोई दिक्कत नहीं आई। किसी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए परीक्षा केंद्र के बार पुलिस फोर्स मौजूद रहा।
परीक्षा हो गई.. यह खुशी की बात
पेपर में 77 सवाल आए थे। पेपर कुछ कठिन था लेकिन संतोष इस बात का रहा कि काफी समय से तैयारी के बाद हम परीक्षा में शामिल होने में कामयाब रहे। - दिव्यांश सिंह, पीलीभीत
कोरोना की वजह से यह परीक्षाएं अप्रैल से टल रही थीं। तैयारी करते काफी समय हो गया था। दूसरी परीक्षाएं हो रही थी तो यह परीक्षा भी कराने में कोई दिक्कत नहीं थी। - अनंत पाठक, बरेली
कोरोना को लेकर डर तो था लेकिन इस छात्रों की संख्या काफी कम है। मास्क और सैनिटाइजर लेकर भी गए थे। - तथागत वत्स, बरेली