डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल 21वें दिन भी जारी रही। अवर अभियंताओं ने पीडब्ल्यूडी में सरकार विरोधी प्रदर्शन कर ग्रेड पे 42 सौ से बढ़ाकर 48 सौ करने की मांग की। अन्यथा की स्थिति में सरकार को आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
डिप्लोमा इंजीनियर संघ के बैनर तले पीडब्ल्यूडी, सिंचाई, लघु सिंचाई, नलकूप, बीडीए, आवास विकास, पॉवर कारपोरेशन, बाढ़ खंड, नगर निगम समेत दो दर्जन से ज्यादा विभागों के 200 अवर अभियंता 21 दिन से हड़ताल पर हैं, जिसके चलते इन विभागों में पुराने चल रहे पांच सौ करोड़ से ज्यादा के कार्य ठप पड़े हैं। सड़क निर्माण और नवीनीकरण और मरम्मत के कामों में ठेकेदार अपनी मनमानी कर रहे हैं, क्योंकि अवर अभियंताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते इन कामों की मानीटरिंग ही नहीं हो पा रही है। यहां बता दें कि डिप्लोमा इंजीनियर्स ने 27 सितंबर से हड़ताल शुरू की थी। सोमवार को डिप्लोमा इंजीनियर्स ने पीडब्ल्यूडी परिसर में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। हड़ताल और प्रदर्शन में विवेक शर्मा, अजय गंगवार, जितेंद्र कुमार, जितेंद्र गुप्ता, अरविंद सिंह समेत बड़ी संख्या में डिप्लोमा इंजीनियर शामिल थे।
उधर, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन संजीव भारद्वाज का कहना है कि अवर अभियंताओं की हड़ताल के चलते निर्माणाधीन कामों के साथ ही नई सड़कों के इस्टीमेट बनाने के काम भी प्रभावित हो रहे हैं।