शास्त्री मार्केट में विवादित नाली की जगह को लेकर व्यापारियो ने रुकवाया काम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
शास्त्री मार्केट में नगर निगम की ओर से चल रहा सड़क और नाली निर्माण
दुकानदारों ने जताया विरोध, जेई-एई की कार्यशैली पर खड़े किए सवाल
बरेली। शास्त्री मार्केट में नगर निगम की ओर से कराए जा रहे सड़क और नाली निर्माण का विरोध शुरू हो गया है। सोमवार को मार्केट के व्यापारियों ने काम हंगामा करके काम रुकवा दिया। कहा- यहां करीब 50 साल बाद नाली और सड़क का निर्माण हो रहा है, लेकिन उसमें भी नगर निगम के जेई-एई पारदर्शिता नहीं बरत रहे हैं। व्यापारियों ने उनकी कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि वे मानक और नियमों के अनुरूप काम नहीं करा रहे हैं। कुछ लोगों से साठगांठ कर उन्हें फायदा पहुंचाया जा रहा है।
व्यापारी राजेश ओबराय, किशोर कुमार, सतीश, सुधीर सेठी, रंजीत आदि ने कहा कि नगर निगम के जेई और एई मनमानी करने पर तुले हैं। वे निर्माण स्थल पर रात को आते हैं और यह कहकर मकानों की बाहर निकली पटिया या सीढ़ियों की नापजोख करके क्रॉस का निशान लगा जाते हैं कि ये टूटेंगी, लेकिन सुबह कह देते हैं कि ठीक हैं। आरोप लगाया कि जेई और एई कुछ लोगों से साठगांठ कर उन्हें फायदा पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि ऐसा होने से बाजार की सड़क और नाली का स्वरूप ही बदल जाएगा। व्यापारियों ने कई बार विरोध किया, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हैं। अधिकारी इस तरह काम करेंगे तो बाजार में विवाद की स्थिति पैदा होगी। व्यापारियों ने कहा कि वे लोग मंगलवार को इनकी कार्यशैली के खिलाफ मेयर और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग करेंगे।