माधोटांडा (पीलीभीत)। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) से सटे फैजुल्लागंज क्षेत्र में बुधवार रात तेंदुए ने दो बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। हमले की जानकारी पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घायल बच्चों को पहले पूरनपुर सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
यह घटना पीलीभीत टाइगर रिजर्व की बराही रेंज से सटे फैजुल्लागंज क्षेत्र में बुधवार रात करीब आठ बजे हुई। सुतिया नाले के समीप कुछ ग्रामीणों ने के झोपड़ीनुमा घर बना रखे हैं। बुधवार रात कुछ बच्चे घरों से बाहर खेल रहे थे। वहां की गीता देवी के मुताबिक उनका परिवार जंगल से सटे खेत के पास ही रहता है। वहीं नजदीक में गेहूं के खेत हैं। उनका बेटा आठ वर्षीय सौरभ गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। रात करीब आठ बजे गेहूं के खेत से तेंदुआ निकलकर आया और बच्चों पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से उनका बेटा सौरभ और वहीं के मुनीम का नौ वर्षीय पुत्र विकास घायल हो गए। तेंदुआ सौरभ को मुंह में दबाकर तेंदुआ खेत की तरफ ले जा रहा था। तभी कुछ ग्रामीणों ने देख लेने पर शोर मचा दिया। शोर सुनकर अन्य लोग इकट्ठे हो गए। लोग ट्रैक्टर पर बैठकर खेत पर गए, जिससे तेंदुआ भाग गया। घायल हालत में पड़े मिले दोनों बच्चों को निजी वाहन से पूरनपुर सीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएचसी के डॉ. सहसपाल सिंह ने बताया कि दोनों बच्चों की गर्दन पर घाव मिले हैं, जो किसी वन्यजीव के हमले के हैं। यह नहीं कहा जा सकता कि किस वन्यजीव के है। घायल सौरभ की हालत ज्यादा गंभीर है। दोनों को रेफर कर दिया है।
उधर, बराही रेंजर डीके गोयल ने बताया कि फैजुल्लागंज क्षेत्र में तेंदुए के हमले की जानकारी मिली है। दो बच्चों के घायल होने की सूचना मिली है। मौके पर जाने के बाद ही सही स्थिति के बारे में जानकारी हो सकेगी।