मौत के बाद हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने को लगाया जाम
फरीदपुर। झगड़े में घायल युवक की मौत के बाद बृहस्पतिवार को गांव वालों ने लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर पचौमी अड्डे के पास शव रख कर जाम लगा दिया। गांव वाले हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग कर रहे थे लेकिन जब सीओ ने उन्हें समझाया तो वे शव लेकर गांव चले गए।
फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर बनियान में नाली साफ करने को लेकर 19 मार्च को दो पक्षों में जमकर झगड़ा हुआ था। इसमें गांव के ही सर्वेश को आरोपियों ने सिर में कसी मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल सर्वेश की बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान निजी अस्पताल में मौत हो गई। सर्वेश का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन शव लेकर अपने गांव रवाना हो गए मगर फरीदपुर के गांव पचौमी में नेशनल हाईवे पर उन्होंने शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही थाना फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ राजकुमार मिश्र भी मौके पर पहुंचे तो गांव वाले हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने पर अड़ गए। इस पर सीओ ने उन्हें समझाया कि मुकदमा पहले से ही दर्ज है, उसे हत्या में तरमीम कर दिया गया है। दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इस पर लोग शांत हो गए और शव लेकर चले गए। इसके बाद पुलिस ने यातायात सुचारु कराया।
‘मुकदमा पहले से दर्ज था और दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा जा चुका है। मृतक के परिवार वालों को इसकी जानकारी नहीं थी। उन्हें बता दिया है कि इस मुकदमे को हत्या की धारा में तरमीम कर दिया गया है।’ - राज कुमार अग्रवाल, एसपी देहात