सर्विस रोड का निर्माण होने से दोपहर 12 बजे से लगना शुरू हुआ जाम
विज्ञापन
शाम को बहगुल पुल पर ट्रक खराब होने से और भीषण हुआ जाम
फतेहगंज पूर्वी। हुलासनगरा क्रॉसिंग पर सर्विस रोड बनाने का काम कर रही कंपनी ने निर्माण सामग्री बालू, गिट्टी, मिट्टी आदि सड़क किनारे ही डाल दिए हैं, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी होने से बृहस्पतिवार को दिनभर जाम लगा रहा। शाम करीब साढ़े चार बजे बहगुल नदी पुल के पास एक ट्रक खराब होने से जाम भीषण हो गया। करीब आधे घंटे बाद पहुंची फतेहगंज थाने की पुलिस ने ट्रक को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया। इसके बाद भी हालात सामान्य नहीं हो सके। पुलिस ने आधी रात बाद जाम खुलने से संभावना जताई।
हुलासनगरा क्रासिंग के दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के लिए मंगाई गई बालू, मिट्टी और गिट्टी सड़क के किनारे ही डाल दी गई है, जिससे धूल का गुबार उठने से वाहन चालक पहले ही परेशान है। शुक्रवार सुबह दस बजे कंपनी के कर्मचारियों ने निर्माण कार्य शुरू किया तो हाईवे पर ट्रैफिक रुक-रुककर चलने से दोपहर करीब 12 बजे से जाम लगना शुरू हो गया। इस बीच ट्रेनों को गुजारने के लिए बार बार फाटक बंद होने से क्रॉसिंग के दोनों ओर करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को कसरक और जैतीपुर डायवर्ट करके निकालना शुरू किया तो हालात कुछ काबू में आए, लेकिन शाम करीब साढ़े चार बजे बहगुल पुल पर एक ट्रक खराब होने से जाम फिर भीषण हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आधे घंटे बाद ट्रक को सड़क से हटाकर वाहनों का निकालना शुरू किया। एसएचओ अश्वनी कुमार ने बताया कि जाम पूरी तरह से आधी रात के बाद ही खुल सकेगा।