व्यापारियों को खराब ट्रैफिक व्यवस्था की शिकायत पर मिला जवाब
विज्ञापन
पुलिस लाइन में रिक्रूटों की समस्याएं सुनकर शहर में निकले थे एडीजी
बरेली। एडीजी अविनाश चंद्र शुक्रवार को पुलिस लाइन में रिक्रूट आरक्षियों की समस्याएं सुनने के बाद पैदल शहर के दौरे पर निकले तो कुतुबखाना में व्यापारियों ने उनसे खराब ट्रैफिक व्यवस्था की शिकायत की। इस पर एडीजी ने उन्हें पहले अपने अवैध कब्जे हटाने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की नसीहत दी।
एडीजी ने पुलिस लाइन में रिक्रूटों की ट्रेनिंग के बारे में जानकारी ली और आरआई को रिक्रूटों के खानपान का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। एसएसपी ने रिक्रूट आरक्षियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, उसके रहन-सहन और जनता से व्यवहार के बारे में बताया। मानसिक तनाव और अवसाद से बचने के तरीके भी बताए। इसके बाद एडीजी ने पैदल शहर का निरीक्षण किया। कई जगह लोगों से मास्क जरूर लगाने को कहा। इस दौरान शहर की पुलिस भी अलर्ट रही। कुतुबखाना पर कुछ व्यापारियों ने एडीजी से खराब ट्रैफिक व्यवस्था की शिकायत भी की। एडीजी ने व्यापारियों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, अतिक्रमण न करने और मास्क जरूर लगाने को कहा।