बरेली। अलग-अलग परियोजनाओं पर काम कर रही संस्थाओं की मनमानी शहर के लिए मुसीबत बन गई है। श्यामगंज चौराहे पर जहां जल निगम ने सीवर लाइन डालने के लिए कई मीटर गहरी खुदाई की थी, उसे सिर्फ मिट्टी डालकर भर दिया गया है। बारिश में मिट्टी धंसने से पूरी सड़क पर गहरे गड्ढों में गिरने का खतरा पैदा हो गया है, तो कहीं कीचड़ में फिसलने का। श्यामगंज चौराहे से सेटेलाइट की ओर जाने वाली सड़क, विकास भवन या फिर अंदर बाजार की ओर जाने वाली सड़क हो, सभी पर अवैध कब्जे हैं। यहां दिन भर ट्रैफिक फंसा रहता और पुलिसकर्मी सुस्ताते रहते हैं।
श्यामगंज चौराहे से सेटेलाइट के बीच जल निगम ने सीवर लाइन डालने के लिए करीब दस महीने पहले सड़क खुदाई की शुरुआत की थी, मगर काम की धीमी रफ्तार की वजह से इस सड़क पर अब तक शहर के लोगों का निकलना दूभर है। श्यामगंज में एक साइड की काफी सड़क को काटा गया था और फिर सिर्फ मिट्टी डालकर उसे यूं ही छोड़ दिया गया। अब बारिश में मिट्टी धंसने से पूरी सड़क बेहद ऊबड़खाबड़ हो गई है। श्यामगंज पेट्रोल पंप के पास सड़क इस कदर धंस गई है कि यहां आए दिन सवारियों से भरे टेंपो, ई-रिक्शा और कारें फंस जाती हैं।
कई मीटर गहरे गड्ढे के चारों तरफ नहीं की गई है बैरीकेडिंग
श्यामगंज चौराहे पर कालीबाड़ी की तरफ सीवर लाइन बिछाने के लिए इस रास्ते को बैरीकेडिंग कर बंद कर दिया गया है। उसके आगे गलियों से होकर ट्रैफिक गुजर रहा है। जल निगम ने यहां सड़क के बीचोबीच कई मीटर गहरा गड्ढा खोदकर छोड़ दिया है। उसके चारों तरफ सुरक्षा का कोई इंतजाम तक नहीं है। इस गड्ढे में अचानक किसी के गिरने का खतरा साफ नजर आ रहा है, लेकिन फिर भी अनदेखी की जा रही है।
बीच सड़क पर तो टेंपो स्टैंड, लोग कहां से निकलें
दलदल से बचे लोगों को श्यामगंज चौराहे से फलमंडी की ओर बढ़ते ही फिर रास्ता बंद मिलता है। यहां पेट्रोल पंप साइड का रास्ता टेंपो वाले कब्जाए रहते हैं। यहां अवैध रूप से एक टैक्सी स्टैंड बनाया गया है। इससे वाहनों को निकलने को लिए रास्ता कम पड़ता है। सेटेलाइट चौराहे तक ऐसे और भी अवैध स्टैंड बनाए गए हैं। दूसरी तरफ फल वालों ने कब्जा कर रखा है।
इन सड़कों से भी नहीं निकल सकते
श्यामगंज चौराहे से विकास भवन की ओर भी जाने में दिक्कतें हैं। यहां नालियां चोक होने से पूरे दिन सड़क पर पानी भरा रहता है। वहीं जल निगम वालों ने सीमेंटेड पाइप भी इसी सड़क पर आड़े तिरछे रखे हुए हैं। इससे यहां लगभग हर वक्त ही जाम लगा रहता है। इसी सड़क पर दूसरी ओर अवैध ठेले वालों ने कब्जा किया हुआ है। वहीं सामने बाजार की ओर जा रही सड़क पर भी फुटपाथ दुकानदारों ने पूरी सड़क पर कब्जा जमा रखा है।