फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: बिना अनुमति गड्ढ़ा खोदने को लेकर भिड़े जलनिगम-पीडब्ल्यूडी, निजी कंपनी पर एफआईआर

Wed, 17 Apr 2024 05:51 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। चौपुला चौराहेे पर खोदाई करने को लेकर जल निगम और पीडब्ल्यूडी के बीच विवाद हो गया है। पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता ने चौराहे पर गड्ढ़ा खोदकर मैनहोल बनाने वाली लखनऊ की कंपनी के प्रोपराइटर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कंपनी पर बिना अनुमति के मैनहोल के लिए गड्ढ़ा खोदने का आरोप है। वहीं जल निगम अधिकारियों का कहना है कि उसके पास वर्ष 2019 से ही काम करने की अनुमति है, जिसको वह मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों को सौंपेंगे। मामले में दोनों विभागों के अधिकारी एक-दूसरे को गलत ठहरा रहे हैं।
विज्ञापन

लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रूप किशोर की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक लखनऊ में औरंगाबाद खालसा बिजनौर रोड पर स्थित कंपनी मैसर्स सीएस इंटर प्राइजेज के प्रोपराइटर चांद सिद्दीकी ने यहां बरेली में विभाग से बिना अनुमति लिए चौपुला चौराहे पर पुल के नीचे गड्ढ़ा खोद दिया है। इससे आम लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है और यातायात व्यवस्था बिगड़ गई है। इसी तरह पुल के नीचे अन्य स्थानों पर कई बार खोदाई की गई है।
वहीं, इस मामले में जल निगम के अधिकारी कंपनी के पक्ष में खड़े हो गए हैं। उनका कहना है कि चौपुला चौराहे पर जो गड्ढ़ा खोदा गया है, उसकी वर्ष 2019 में ही अनुमति ले ली गई थी। अनुमति के दौरान 16 प्वाइंट पर काम होना था। इसमें से 13 पर काम पूरा कर रोड भी बना दिया गया है और चौपुला, श्यामगंज व अलखनाथ मंदिर के प्वाइंटों का काम बाकी है, जिसको वह चुनाव से पहले अधिकारियों के आदेश पर ही पूरा कर रहे हैं।
विज्ञापन


-
पुराना है आदेश, डीएम साहब नाराज हैं: पीडब्ल्यूडी
पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता रूप किशोर ने कहा कि हमें जल निगम की ओर से 2019 की अनुमति दिखाई गई थी, लेकिन इस समय 2024 चल रहा है। एक ही अनुमति से कब तक काम करते रहेंगे। शहर में जब चाहें किसी भी जगह पर गड्ढा खोद देते हैं, लोगों को परेशानी होती है। डीएम साहब इस बात से बहुत नाराज हैं और उन्हीं के आदेश के बाद इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

-
बार-बार अनुमति ली जाएगी क्या?: जल निगम
जल निगम के सहायक अभियंता प्रवीण कुमार ने कहा कि चौपुला चौराहा 16 प्वाइंट में शामिल है, जिसकी अनुमति 2019 में ली गई थी। वहां पर पहली बार ही गड्ढा खोदा गया है। इससे पहले सरदार सतनाम सिंह चावला द्वार पर एक, प्रभा टॉकीज के पास दो, एडीएम कंपाउंड पर एक, चौकी चौराहे पर दो, पटेल चौक पर एक, डॉ. फरजाना की कोठी सामने एक, कालीबाड़ी सब्जी मंडी पर एक और जिला परिषद से चौपुला तक बनाए जाने वाले चार प्वाइंट पर मैनहोल बनकर तैयार किए जा चुके हैं। इसमें 14, 15 व 16वें नंबर के प्वाइंट का काम बाकी है, जिसमें श्यामगंज और चौपुला पर काम चल रहा है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें