बरेली। कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-लखनऊ और लखनऊ-हरिद्वार रूट की 54 ट्रेनों के निरस्त होने के बीच शेष ट्रेनें यात्रियों को इंतजार करा रही हैं। बृहस्पतिवार को 02191 जबलपुर-हरिद्वार कांवड़ विशेष ट्रेन ने नौ घंटे इंतजार कराया। बरेली होते हुए हरिद्वार जाने वाली 13009 दून एक्सप्रेस और 15005 राप्ती गंगा एक्सप्रेस भी देरी से आई।
शुक्रवार को सावन की शिवरात्रि है। इस दिन गंगा स्नान और शिव के जलाभिषेक का विशेष महत्व है। सड़क मार्ग पर कांवड़ियों की जत्थे उमड़ने के कारण बृहस्पतिवार से ही बरेली-दिल्ली और हरिद्वार सड़क मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन रोक दिया गया। ऐसे में काफी संख्या में लोगों ने ट्रेनों का रुख किया। 02191 जबलपुर-हरिद्वार कांवड़ विशेष ट्रेन के बरेली जंक्शन आने का समय सुबह 8:40 बजे है, लेकिन बृहस्पतिवार को यह ट्रेन पांच घंटे की देरी से शाम 5:38 बजे बरेली आई। दून और राप्ती गंगा एक्सप्रेस ने एक-एक घंटे इंतजार कराया। हालांकि, 22545 लखनऊ-देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस समय से जंक्शन पहुंची। आरक्षित श्रेणी की यह ट्रेन पहले से फुल है। हरिद्वार और देहरादून के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा। संवाद