फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डेलापीर तिराहा पर जाम

विज्ञापन
सड़क पर डाली जा रही रेता। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन
बरेली। चौपुला चौराहा बंद होने और आईवीआरआई पुल शुरू होने के बाद डेलापीर तिराहा इन दिनों जाम का नया केंद्र बन गया है। डायवर्जन वाले रूटों का जंक्शन प्वाइंट बनने के साथ ही शाम को मंडी के वाहन भी यहां भीड़ बढ़ाते हैं। लिहाजा शाम को जाम की समस्या और बढ़ जाती है।
विज्ञापन

आईवीआरआई पुल बनने के बाद इस दिशा में वाहनों की आवाजाही काफी ज्यादा बढ़ गई है। चौपुला पुल को 75 दिनों के लिए बंद किया गया है। वहां का अधिकांश यातायात मिनी बाईपास की ओर डायवर्ट किया गया है। साथ ही सौफुटा रोड से पीलीभीत और आईवीआरआई पुल से नैनीताल रोड को जोड़ने का केंद्र भी डेलापीर तिराहा ही है। इस वजह से डेलापीर तिराहे पर इन दिनों पूरे दिन वाहनों की जबर्दस्त आवाजाही रहती है। शाम को डेलापीर स्थित मंडी समिति में सब्जी और फलों की आवक शुरू होने के बाद स्थिति और बिगड़ जाती है। यातायात को नियंत्रित करना पुलिस के लिए मुश्किल हो जाता है। दिन में तो यहां यातायात पुलिस मौजूद रहती है पर रात में व्यवस्था अक्सर होमगार्डों की वजह से फेल हो जाती है। इज्जतनगर और प्रेमनगर पुलिस का स्टाफ भी यहां रहता है पर पुलिस का फोकस जाम खुलवाने की बजाय वाहन चेकिंग और वसूली पर रहता है। समस्या से स्थानीय लोग अक्सर जूझते हैं। मंगलवार शाम भी तिराहे पर ऐसा ही हाल था।

चौपुला की वजह से रेलवे कॉलोनी रोड जाम

डायवर्जन की मार रेलवे कॉलोनी के रास्ते पर भी पड़ रही है। चौपुला चौराहे पर पुल निर्माण की वजह से रेलवे कॉलोनी होकर सिटी स्टेशन की ओर हल्के वाहनों को निकालने की व्यवस्था की गई है। चौकी चौराहा की ओर से इधर वाहनों का आवागमन रहता है जो अब बढ़ गया है। सोमवार को पूरे दिन जाम रहने के साथ ही मंगलवार को भी यहां ऐसी ही स्थिति रही। कॉलोनी में जाम और धूल उड़ने की समस्या का सबसे ज्यादा असर वहां के लोग झेल रहे हैं। वे रोज यही दुआ करते हैं कि चौपुला पुल का काम जल्दी पूरा हो, ताकि उनके बच्चे चैन से घर के बाहर खेल सकें।

बिहारीपुर की गलियों में फंस रहे वाहन

चौपुला चौराहा बंद होने का बड़ा असर इससे सटे बिहारीपुर पर पड़ रहा है। यहां गलियों में कारें और टेंपो फंस रहे हैं। संकरी गलियों में एक ओर से वाहन आने की ही व्यवस्था है। दिन भर कारें और टेंपो आमने-सामने आते हैं तो जाम लग जाता है। मंगलवार को भी मोहल्ले की गलियों में जाम लगा रहा। चौराहों की तरह यहां जाम खुलवाने को पुलिस भी नहीं थी। लोग खुद ही हट बचकर रास्ता बना रहे थे।

सुभाषनगर पुलिया पर हालात फिर बिगड़े

सुभाषनगर की पुलिया पर यूं तो यातायात पुलिस ने वनवे कर रखा है। सामान्य परिस्थिति में इधर से बदायूं रोड की ओर वाहन ले जाने की मनाही है, लेकिन फिर भी कार और टेंपो जंक्शन की ओर से जबरन सुभाषनगर पुलिया की ओर जा रहे हैं। यातायात पुलिस चालान भी कर रही है पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा।

मिनी बाईपास के वाहन भी डेलापीर होकर ही आ रहे हैं, इस वजह से वहां समस्या आ रही है। यातायात पुलिस जाम न लगने देने के लिए सजगता से ड्यूटी कर रही है। जरूरत पड़ने पर स्टाफ भी बढ़ा दिया जाएगा। - संजीव कुमार बाजपेई, एसपी यातायात

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें