कछला में पुल पार जाम में फंसे वाहन। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच वाहनों की संख्या में इजाफे की वजह से बरेली-मथुरा हाईवे पर यातायात चरमरा गया। बदायूं की ओर से गंगाघाट तक श्रद्धालुओं के वाहन कुछ अवरोधों के बाद पार्किंग स्थल तक पहुंच गए लेकिन कासगंज की तरफ से वाहनों के रेले ने पुलिस के हाथ-पैर फुला दिए। तड़के से लेकर दोपहर तक चार बार जबर्दस्त जाम लगा। बाइक सवार श्रद्धालुओं को पांच-छह किलोमीटर का सफर आधा घंटे में तय करना पड़ा।
कछला गंगाघाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने का अनुमान पुलिस को पहले से ही था। सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान का पड़ोसी जिलों कासगंज, एटा के अलावा राजस्थान में खास महत्व है। इसी के मद्देनजर राजस्थान समेत दूरदराज के श्रद्धालु निजी वाहनों से रात में ही कासगंज के रास्ते गंगाघाट की ओर निकल पड़े। एक दिन पहले ही भारी वाहनों को कासगंज जिले में ही सोरों के पास से वाया कादरचौक होकर निकाले जाने का रूट तय कर दिया गया था लेकिन ट्रक और रोडवेज बसें तय रूट की बजाय बरेली-मथुरा हाईवे पर मानपुर नगरिया के रास्ते निकलने लग गईं। रात में करीब तीन बजे सोरों और मानपुर नगरिया के पास जाम लगा। करीब एक घंटे में आवागमन सुचारु हो गया लेकिन इसके बाद सुबह पांच और आठ बजे पुल पार कासगंज जिले की सीमा के जाम ने श्रद्धालुओं को परेशानी में डाल दिया।
पूर्वाह्न में करीब एक घंटे तक जाम का माहौल नजर आया। जाम में फंसे वाहनों से उतरकर सैकड़ों श्रद्धालु पैदल ही गंगाघाट तक पहुंचे।