फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसानों ने निकाला जुलूस, कचहरी के सामने जाम लगाकर किया प्रदर्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। भाकियू के प्रांतीय आह्वान पर मांगों को लेकर पहले जुलूस निकाला और कचहरी तिराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों ओर से वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को समझाकर शांत किया। इसके बाद किसानों ने जाम खोला। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
विज्ञापन

प्रदेश व्यापी आंदोलन के तहत बुधवार को भाकियू के मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना के आवास और मालवीय आवास गृह पर कार्यकर्ता एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने तीन वर्षों से गन्ने के मूल्य में एक रुपया भी नहीं बढ़ाया है। जबकि लागत मूल्य, खाद, बिजली, डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। प्रदेश सरकार किसानों का दोहन और शोषण करने से बाज नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया जाए, वरना किसान अब सड़कों पर उतरकर सरकार का विरोध करेंगे। इसके बाद कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कचहरी तिराहे पर पहुंचे और जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार ने कार्यकर्ताओं को समझाया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस दौरान करीब 20 मिनट तक जाम लगा रहा। जिला प्रमुख महासचिव सुरेश गुप्ता, नगराध्यक्ष हारून गौस, जिला प्रवक्ता नरेंद्र सक्सेना, नगर उपाध्यक्ष सतीश साहू, सुरेश दीवान, जोगेंद्र सिंह राजपूत अजब सिंह राजपूत, वीरेंद्र पाली, हरचरण लाल, शीशपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
20 मिनट के जाम से लोग हुए परेशान
- भाकियू द्वारा कचहरी तिराहे पर करीब 20 मिनट जाम लगाया गया। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहन एकत्र हो गए और जाम लग गया। जाम के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहिया वाहन चालक भी इधर उधर से बचकर निकलते हुए दिखाई दिए।
विज्ञापन

बिजली के दाम यूपी में सबसे ज्यादा
- भाकियू के मंडल प्रवक्ता ने कहा कि बिजली के दाम पूरे देश से ज्यादा उत्तर प्रदेश में है। निरंतर डीजल मूल्य वृद्धि की जा रही है। जिससे कृषि में लागत मूल्य बढ़ रहा है। जो किसानों की कमर तोड़ने का काम कर रहा है। किसान निरंतर आत्महत्या कर रहा है सरकार किसानों को दोगनी आमदनी के जुमले पढ़ा रही है।
अतिक्रमण हटाओ अभियान पर लगा ब्रेक
बदायूं। व्यापारियों को चेतावनी देने और उनकी दुकानों के आगे नोटिस चस्पा करने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में नगर पालिका प्रशासन द्वारा शहर में मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया था। टीम ने नवादा से लेकर पुरानी चुंगी तक एक तरफ से अतिक्रमण को हटाया था। बुधवार को भी अतिक्रमण हटाओ अभियान शहवाजपुर रोड पर चलना था, लेकिन प्रशासन ने किसानों के प्रदेश आह्वान पर हो रहे धरना प्रदर्शन को देखते हुए इसे स्थगित कर दिया। प्रशासनिक अमला किसानों के आंदोलन को लेकर पूरी तरह सतर्क रहा। सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार ने बताया कि किसानों के आंदोलन के कारण बुधवार को अभियान स्थगित कर दिया गया था अब गुरुवार को पुरानी चुंगी से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।
गन्ना मूल्य वृद्धि की मांग को लेकर विद्युत उपकेंद्र घेरा
उघैैती। गन्ना मूल्य में वृद्धि समेत कई मांगों को लेकर भाकियू ने बुधवार को विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर लिया। अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और जाम लगाने की कोशिश की। करीब 15 मिनट तक जाम जैसी स्थिति रही। बाद में नायब तहसीलदार मोहम्मद अजहर अंसारी एसओ प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को समझा कर जाम खुलवाया।
भाकियू नेता चौधरी सौदान सिंह के नेतृत्व में किसान विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे। भाकियू नेता ने कहा कि एक क्विंटल गन्ने का लागत 300 रुपये आती है। चीनी मिलें समय से भुगतान भी नहीं करतीं। कहा गन्ना मूल्य कम से कम 450 रुपये क्विंटल होना चाहिए। इसके बाद किसानों ने रोड जाम कर दिया। नारेबाजी भी की। नायब तहसीलदार को ज्ञापन देने के बाद किसान शांत हुए। प्रदर्शन करने वालों में रामाशंकर, मेवाराम, हरि सिंह, संजय सिंह, रामचंद्र सिंह, अशोक पाल सिंह, अमरपाल सिंह, दिग्विजय सिंह, शिवराज सिंह, धनवीर सिंह, महिपाल सिंह, जगदीश, चरण सिंह आदि रहे।
उझानी। भारतीय किसान यूनियन के नेताओं ने स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशें लागू किए जाने और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रांतीय आह्वान पर बुधवार को कछला चौराहे पर इकट्ठे होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बरेली-मथुरा हाईवे स्थित कछला चौराहे पर जाम भी लगा दिया। करीब आधा घंटा तक लगे जाम के दौरान दर्जनों की संख्या में वाहन भी फंस गए। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार चाहर ने यूनियन के नेताओं से बात कर जाम खुलवाया दिया। यूनियन ने के नेताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी प्रभारी निरीक्षक को भेंट किया। प्रदर्शनकारियों में सोमवीर सिंह, रामकुमार शर्मा, जुगेंद्र सिंह, नत्थूलाल वर्मा, नंदराम, सुखपाल सिंह, सुरेशपाल और कालीचरन आदि मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें