पशु तस्करी, लूट, एनडीपीएस, गैंगस्टर समेत 20 मामले हैं दर्ज
बरेली। शहर में लगातार बढ़ रहे अपराधों के चलते हर थाने के टॉपटेन बदमाशों की लिस्ट बनाकर पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। बृहस्पतिवार रात इज्जतनगर पुलिस ने थाना क्षेत्र के टॉपटेन बदमाशों की सूची में पहले नंबर पर दर्ज बदमाश रमजानी को दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान बदमाश ने एक एसआई पर फायर भी किया, लेकिन वह बच गए। रमजानी के खिलाफ थाने में कई गंभीर अपराधों के 20 मामले दर्ज हैं। शुक्रवार को पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
इज्जतनगर थाना पुलिस ने क्षेत्र में लूट, छिनैती, डकैती, पशु तस्करी, ऑटो लिफ्टिंग आदि की घटनाओं में शामिल टॉपटेन बदमाशों को चिह्नित कर उनकी सूची बनाई है। इसमें पहले नंबर पर गांव बिहारमान नगला के रमजानी का नाम है। पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार रात रमजानी के गांव में ही कब्रिस्तान के पास खड़े होने की सूचना मिली। पुलिस टीम पहुंची तो रमजानी ने फायर कर दिया। इसमें एक दरोगा बाल-बाल बच गए। बाद में पुलिस ने घेराबंदी करके उसे पकड़ लिया।