बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे का इज्जतनगर मंडल रेल हादसे रोकने के लिए अपनी 1100 किमी लंबी रेल लाइनों को एंटी कोलिजन सिस्टम से लैस करेगा। इसके बाद ट्रेनों का संचालन ज्यादा सुरक्षित होगा। हादसों की आशंका कम होगी और ट्रेनों की रफ्तार भी बढ़ेगी। पहले चरण में उन रेल खंडों को इससे लैस किया जाएगा, जिन पर ट्रेनों का दबाव ज्यादा है।
सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि मंडल में विकास की कई योजनाओं पर काम हो रहा है। एक साल में आठ जोड़ी से ज्यादा लंबी दूरी की नई ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। कासगंज-मथुरा के बीच 85 किमी रेल लाइन के दोहरीकरण की स्वीकृति मिल गई है। ट्रेनों का संचालन ज्यादा सुरक्षित करने के लिए एंटी कोलिजन सिस्टम लगाया जा रहा है। इसके तहत रेल पटरियों पर सिग्नलिंग सिस्टम लगाए जाएंगे और ट्रेनों के इंजनों को रेडियो फ्रीक्वेंसी उपकरणों से लैस किया जाएगा।
बताया कि डिवाइस पटरियों पर आने वाली बाधाओं को ट्रेस कर लोको पायलट को अलर्ट करेगी। बारिश और घने कोहरे में भी इसके जरिये लोको पायलट को पटरी पर मौजूद बाधाओं का अलर्ट मिलता रहेगा। वर्ष 2028 तक देशभर की पटरियों को इस सिस्टम से लैस करने की योजना है। संवाद