बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने शनिवार को इज्जत नगर रेल मंडल के यांत्रिक कारखाने का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने कारखाने के कई नए प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया और अधिकारियों कर्मचारियों की मेहनत को सराहते हुए उन्हें डेढ़ लाख रुपये बतौर इनाम स्वरूप दिए जाने की घोषणा।
जीएम राजीव अग्रवाल ने सबसे पहले कारखाने में नव विकसित आरएमपीयू परीक्षण कक्ष, बीटीसी में मॉडल रूम, एटीएल मशीन आदि तकनीकि प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। उन्होंने एनएमजी रेक को हरी झंडी दिखाई। यहां बता दें कि यह रेक वाहन ढोने के काम आता है। इसके अलावा जीएम ने कर्मचारी परिवाद सेल, डेमू टेस्ट बेंच रूम, बोगी रिपेयर शॉप, पेंट शॉप, निर्माणाधीन बीजी वैगन परियोजना, कर्मचारी कैंप कोच व सामान्य द्वितीय श्रेणी कोच आदि का निरीक्षण किया। सभा कक्ष में मुख्य कारखाना प्रबंधक राजेश अवस्थी ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के जरिये कारखाने में हो रहे कार्यकलापों की विस्तृत जानकारी जीएम को दी। अधिकारियों-पर्यवेक्षकों के बीच जीएम ने उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा की। कहा कि अधिकारियों व कर्मचारियों की मेहनत से कारखाने की उत्पादकता पूरी गुणवत्ता के साथ बढ़ी है। इसके बाद जीएम ने इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पर किए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर यात्री सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में अधिकारियों से प्रयास करने को कहा। उन्होंने डीआरएम कार्यालय में समीक्षा बैठक की, जिसमें डीआरएम दिनेश कुमार सिंह, एडीआरएम (इंफ्रास्ट्रक्चर) आशीष अग्रवाल, एडीआरएम (परिचालन) अजय वार्ष्णेय, सीनियर डीसीएम नीतू आदि मौजूद रहे।
डीआरएम ने गिनाईं उपलब्धियां
डीआरएम ने जीएम को बताया कि माल लदान, ऑटो लदान, चीनी लदान भी पिछले साल की तुलना में कई गुना अधिक है। यात्री यातायात से प्राप्त आय में भी वृद्धि दर्ज की गई है। दौरे के वक्त मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अरविंद कुमार पांडेय, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आरके यादव, मुख्य कारखाना इंजीनियर बीएस दोहरे आदि मौजूद रहे।
श्रमिक संघ ने दिया जीएम को ज्ञापन
पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ कारखाना मंडल ने जीएम को कर्मचारियों की समस्याएं गिनाकर 12 सूत्री ज्ञापन सौंपा। सहायक महामंत्री जेएस भदौरिया के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में मंडल चिकित्सालय में रेफरल चिकित्सक कमेटी का प्रावधान करने, इंजीनियरिंग विभाग के गेटमैन को डबल रेस्ट व ओवरटाइम का प्रावधान, कर्मचारियों को रिजर्वेशन काउंटर का प्रावधान कराने आदि की मांग की गई है। जीएम ने समस्याओं पर विचार कर निदान के लिए आश्वस्त किया। ज्ञापन सौंपने वालों में संघ के अध्यक्ष मोहसिन खान, दलसिंगर यादव, धनकुमार, शहलेश चंद्र वर्मा, रोहित कुमार आदि शामिल रहे।