बरेली। आईवीआरआई क्रॉसिंग पर बन रहे एक तरफ के अंडरपास का निर्माण करीब 90 फीसदी तक पूरा हो चुका है। सीसी रोड बन चुकी है। रिटेनिंग वॉल का काम पूरा करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि 15 दिन के अंदर रेलवे अस्पताल की साइड का अंडरपास पूरा होने के साथ ही ट्रैफिक का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।
आईवीआरआई क्रॉसिंग पर रेलवे को ओवरब्रिज और अंडरपास दोनों का ही काम पूरा करना है। ओवरब्रिज का काम पूरा न होता देख कमिश्नर रणवीर प्रसाद ने जून में रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक करके बरसात शुरू होने से पहले अंडरपास बनाने के आदेश दिए थे, लेकिन पहले काम देर से शुरू हुआ। अब बारिश में पानी भर जाने से निर्माण कार्य बार-बार प्रभावित हो रहा है। रेलवे यहां दो साइड में अंडरपास बनवा रहा है। रेलवे अस्पताल की तरफ बन रहे अंडरपास का काम अंतिम चरण में है। अंडरपास की दोनों तरफ सीमेंट की दीवार का काम पूरा हो चुका है। नीचे सीसी रोड भी पूरी हो गई है। हालांकि उसके ऊपर कुछ लेयर और बिछनी है, जो काम ट्रैफिक चलने के बाद भी हो सकता है।
उधर, रेलवे स्टेशन की ओर बन रहे अंडरपास का काम काफी बाकी है। अधिकारियों का कहना है कि रेलवे अस्पताल की तरफ काम पूरा होने के साथ ही इस रास्ते को ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा। इससे नैनीताल और आईवीआरआई की तरफ आने-जाने वालों को काफी राहत मिल जाएगी।