आईवीआरआई फ्लाईओवर पर होता काम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
गार्डर रखे जाने हैं, लेबर बुला ली गई मगर क्रेन का इंतजाम नहीं
बरेली। आईवीआरआई ओवरब्रिज पर गार्डर रखने का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। बिना क्रेन का इंतजाम किए दो दिन पहले ही लेबर बुला ली गई है। क्रेन कहां से आएगी, ये भी अभी स्पष्ट नहीं है मगर रेलवे अफसरों का दावा है कि नवंबर से ओवरब्रिज पर ट्रैफिक दौड़ने लगेगा। तीस सितंबर से सभी काम पूरे कर लिए जाएंगे। इसके 28 दिन बाद ट्रैफिक शुरू करा दिया जाएगा।
आईवीआरआई फ्लाईओवर पर सीमेंटेड गार्डर डालने से पहले स्टील गार्डर की शटरिंग शुरू हो गई। यह काम करीब करीब एक महीने से चल रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि 23 जून को लेबर भी बुला ली है। क्रेन भी जल्द ही हरियाणा या दिल्ली से आएगी। संभावना है कि जून के अंत तक क्रेन यहां पहुंच जाएगी। सितंबर तक सीमेंट के गार्डर रखने के 28 दिन बाद ही फ्लाईओवर पर ट्रैफिक चालू हो सकेगा। गौरतलब है कि आईवीआरआई फ्लाईओवर का निर्माण जून 2017 में शुरू हुआ था। सेतु निगम ने एक साल में ही काम पूरा कर दिया। पटरियों के ऊपरी हिस्से का निर्माण रेलवे का करना था, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के चलते काम शुरू नहीं हो सका। 28 नवंबर 2019 में प्रदेश के प्रमुख सचिव नवनीत सहगल की नाराजगी के बाद रेलवे अधिकारियों की नींद टूटी। नौ जनवरी 2020 से स्टील गार्डर बिछाने का काम शुरू किया गया। 25 जनवरी तक यह काम भी पूरा हो गया। इसके बाद रेलवे में फिर से सुस्ती छा गई। स्टील गार्डर बिछाने के दो महीने तक कोई काम नहीं किया गया। इसके बाद से लाकडाउन शुरू हो गया।
‘फ्लाईओवर के सभी काम पूरा करने का लक्ष्य तीस सितंबर है, इसके 28 दिन बाद ट्रैफिक दौड़ाया जाएगा।’ राजेंद्र सिंह, पीआरओ, इज्जतनगर मंडल