भमोरा। ग्राम इस्लामाबाद निवासी राकेश यादव के 19 वर्षीय बेटे सुधांशु यादव की सर्पदंश से शुक्रवार को मौत हो गई। सुधांशु ने इसी वर्ष आईटीआई का कोर्स पूरा किया था।
राकेश यादव ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब सात बजे सुधांशु पशुओं के लिए भूसा लेने गया था। इसी दौरान भूसे में छिपे बैठे सर्प ने उसे डस लिया। काफी देर तक सुधांशु वापस नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में पहुंचे। वहां वह बेहोशी की हालत में पड़ा मिला।
परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भमोरा लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में रातभर उपचार के बाद शनिवार सुबह करीब चार बजे सुधांशु ने दम तोड़ दिया। शनिवार दोपहर बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया।