शिक्षक संघ अध्यक्ष ने दिया धरना, कुलसचिव पर उठाए सवाल
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन गेट पर शुक्रवार को रुविवि शिक्षक संघ (रुटा) के अध्यक्ष के साथ शिक्षकों ने धरना दिया। उन्होंने 31 अगस्त तक अवकाश के बावजूद शिक्षकों को विवि में उपस्थिति दर्ज कराने के लिए आने के आदेश का विरोध किया।
रुटा अध्यक्ष प्रो. यशपाल सिंह ने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान शिक्षकों को उपस्थित दर्ज कराने से मुक्त रखा जाए। कुलसचिव का आदेश अस्पष्ट है। शिक्षक साथियों को दूर-दूर से दिन में दो बार विवि में सिर्फ हाजिरी दर्ज कराने आना पड़ रहा है। इसमें भी मुख्य मार्ग परीक्षा के कारण बंद होने से बीसलपुर रोड वाले गेट से प्रवेश करना पड़ रहा है। इससे शिक्षकों को परेशानी हो रही है। कहा कि कुलसचिव संजीव कुमार ने पत्र जारी किया था कि 31 अगस्त तक विवि के शिक्षकों व कर्मचारियों को कोई भी अवकाश नहीं दिया जाएगा। इसके बावजूद कुलपति व कुलसचिव खुद विवि से गैर हाजिर हैं। इस दौरान प्रो. अंजू अग्रवाल, डॉ. प्रेमपाल सिंह, डॉ. तरुण राष्ट्रीय, डॉ. बीआर आंबेडकर उपस्थित रहे। संवाद