बहेड़ी। पांच वर्ष तक के बच्चे और गर्भवती महिलाओं को बीमारियों के प्रति सुरक्षा कवच प्रदान करने के लिए सोमवार से मिशन इंद्रधनुष 5.0 अभियान की शुरुआत हुई। अभियान के तहत टीकाकरण करने के साथ लोगों से बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण कराने की अपील की गई।
बहेड़ी के मोहल्ला शाहगढ़ के सस्ता गल्ला विक्रेता की चौपाल पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर का एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय तथा सीओ डॉ. तेजवीर सिंह ने फीता काटकर उद्घाटन किया। एसडीएम ने एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं से लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की। देवरनियां के कंपोजिट विद्यालय भैरपुरा के विद्यार्थियों ने प्रधानाध्यापिका रश्मि कंचन और उदरा मे वीरेंद्र सोनाल की अगुवाई में रैली निकालकर टीकाकरण के प्रति जागरूक किया गया।
मीरगंज में अभियान के पहले चरण का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख गोपाल कृष्ण गंगवार ने किया। पहले दिन क्षेत्र में 172 बच्चों को टीका लगाया गया। कोर एड्रा के सहयोग से रैली भी आयोजित की गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी बरेली डॉ प्रशांत रंजन ने टीकाकरण सत्र का पर्यवेक्षण भी किया।