गुलड़िया। रंगदारी और मारपीट का मुकदमा दर्ज होने के बाद बौखलाई महिला सोमवार को गुलड़िया गांव के गौरीशंकर मंदिर में इंस्पेक्टर से भिड़ गई। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने की कोशिश की तो वह ईंट लेकर हमलावर हो गई। पकड़ने पर वह अपने सिर में ईंट मारने लगी। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है।
सिरौली थाना क्षेत्र के गांव दलीपुर निवासी जोगेंद्र सागर और उनकी पत्नी के खिलाफ हरदासपुर में मोटरसाइकिल की एजेंसी चलाने वाले मुकेश गुप्ता ने रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को जोगेंद्र पत्नी के साथ गुलड़िया गांव के गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक करने आए थे। यहां महिला ने अपने खिलाफ लिखे गए मुकदमे को झूठा बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
महिला सिपाही ने जब उसे रोका तो वह अपने सिर में ईंट मारने लगी। पास में ही खड़े इंस्पेक्टर सिरौली राजेश कुमार से भी भिड़ गई। उनकी वर्दी पकड़कर खींचने लगी। पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे महिला को काबू में किया। इस पूरे घटनाक्रम की मंदिर में आए किसी श्रद्धालु ने वीडियो बना ली और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इंस्पेक्टर सिरौली राजेश कुमार ने बताया कि मुकदमे के बाबत बातचीत करते हुए महिला उग्र हो गई। उसे बताया गया कि मामले की विवेचना की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगें उन्हीं के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।