बरेली जिले में वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले बुजुर्गों के लिए काम की खबर है। जिले के हर ब्लॉक में तीन दिन तक शिविर लगाए जाएंगे। जिनमें वृद्धावस्था पेंशन से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
बरेली जिले में वृद्धावस्था पेंशन से जुड़ी समस्याओं को दूर कराने के लिए सभी ब्लाक कार्यालयों के सभागार में 20 से 22 अप्रैल तक शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की ओर से सभी खंड विकास अधिकारियों को आदेश जारी किए गए हैं।
विज्ञापन
फरीदपुर, भुता, क्यारा, रामनगर, मझगवां, मीरगंज, नवाबगंज के विकास खंड कार्यालयों में 20 अप्रैल को शिविर का आयोजन होगा। फतेहगंज पश्चिमी, आलमपुर जाफराबाद, बहेड़ी, भदपुरा ब्लाक कार्यालयों में 21 अप्रैल को शिविर लगेगा। इसी तरह, भोजीपुरा, शेरगढ़, रिछा और बिथरी चैनपुर के ब्लाक कार्यालयों में 22 अप्रैल को शिविर आयोजित होगा। शिविर का समय सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक रहेगा।
जिलाधिकारी ने बीडीओ को दिए आदेश
जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ को आदेश दिए हैं कि वे तय तिथि को ब्लाक सभागार में जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें। सभी जनप्रतिनिधियों को अपने स्तर से इसकी जानकारी दें। ग्राम सचिव, प्रधानों और पंचायत सहायकों की मदद से ग्राम पंचायतों के पात्र लाभार्थियों को शिविर के लिए जागरूक करें। ताकि वे समय पर आकर वृद्धावस्था पेंशन से जुड़ी अपनी समस्याओं को समाधान करा सकें। स्वास्थ्य विभाग को भी शिविर में जरूरी व्यवस्थाएं रखने को कहा गया है।