बरेली। विकास भवन में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में नवाबगंज और बहेड़ी चीनी मिल पर किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का मुद्दा प्रमुखता से उठा। किसानों ने पूछा कि जब गन्ना खरीदने के 14 दिन में भुगतान का नियम है तो उसका पालन क्यों नहीं हो रहा है? इस पर डीएम रविंद्र कुमार ने कहा कि चीनी मिलों से बकाया दिलाएंगे और देरी को लेकर मिल प्रबंधकों को जवाब देना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि अगले किसान दिवस में चीनी मिलों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। किसानों ने कुछ क्षेत्रों में खाद उपलब्ध न होने का मुद्दा भी उठाया। डीएम ने जिला कृषि अधिकारी को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने निर्देश दिए। कृषक एमपी सिंह ने पेयजल का मुद्दा उठाया। राकेश गंगवार ने जिला गन्ना समिति की बैठक कराने का अनुरोध किया।
जिला उद्यान अधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने अपने-अपने विभाग की ओर से संचालित योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। किसान दिवस में कृषि विभाग, विद्युत निगम, सिंचाई विभाग, उद्यान विभाग, नलकूप विभाग, गन्ना विभाग के अधिकारी व प्रगतिशील किसान मौजूद रहे। अमर उजाला ब्यूरो