नवाबगंज। डीएम की अध्यक्षता में शुरू हुए संपूर्ण समाधान दिवस में 196 शिकायतें दर्ज हुईं, जिसमें 24 शिकायतों को मौके पर निस्तारण करा दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के पास निस्तारण को भेज दी गई। डीएम ने अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे डीएम अविनाश सिंह ने फरियादियों की शिकायतों को सुनकर निस्तारण किया। विधायक डाॅ. एमपी आर्य ने डीएम से शिकायत की कि नवाबगंज में अवैध रूप से मिट्टी का खनन बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। इस मामले में अधिकारियों के बताने के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। इस पर डीएम ने एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय और नवाबगंज पुलिस को शीघ्र कार्रवाई के आदेश दिए।
साफ-सफाई, पुलिस की शिकायत की
हरदुआ गांव के शानू गंगवार ने शिकायत की कि सब रजिस्ट्रार कार्यालय के शौचालय बहुत गंदे रहते हैं, जिससे लोगों को दिक्कत हो रही है। डीएम ने सफाई के आदेश दिए हैं। धिमरी गांव के रोहित कुमार ने शिकायत की कि 30 अप्रैल को गांव के दबंगों ने लाठी से मारपीट कर घायल कर दिया। मेडिकल होने के बाद भी क्योलड़िया पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। कस्बे के पुराना ब्लाॅक निवासी सचिन रस्तोगी ने शिकायत की कि एक कमेटी ने फर्जी तरीके से विद्यालय के खाते से 14 लाख रुपये निकाल लिए। डीएम ने जांच कराकर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
गन्ना भुगतान के करोड़ों रुपये बकाया
सपा नेता अनिल गंगवार,अरविंद गंगवार, पुरुषोतम गंगवार ने शिकायत की कि ओसवाल चीनी मिल पर किसानों के करोड़ों रुपये बकाया है, लेकिन अभी तक भुगतान नही मिला है। डीएम ने जिला गन्ना अधिकारी को निर्देश दिए हैं। विहारीपुर अव्दुल रहमान गांव की सत्यवती ने मांग की कि उनके बेटे किसान अरंविद कुमार को तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया था। उसका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। आर्थिक स्थिति ठीक न होने पर आर्थिक मदद दिलाने की मांग की। हरदुआ गांव के रोहित कुमार ने नदी की भूमि पर अवैध कब्जे की भी शिकायत की है।
-
अधिकारियों ने दिखा दिया फर्जी निस्तारण
सवापुर गांव के मुंशीलाल से डीएम ने शिकायत के निस्तारण की जानकारी ली तो ग्रामीण ने बताया कि अभी खेत की पैमाइश नहीं हुई है, जबकि दो मई को अभिलेखों में निस्तारण दिखा दिया गया। शिकायतकर्ता फतेहचंद्र से फोन से जानकारी ली तो पता चला बिजली का बिल संशोधन होने के बाद 498 रुपये कर दिया गया है, लेकिन रजिस्टर में अंकित नहीं है। डीएम ने अधिकारियों को आगाह किया है।
तहसील सभागार में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
समाधान दिवस में कुछ अधिकारी खाली समय में बैठकर मोबाइल में व्यस्त रहते है । शिकायतों को गहनता से नहीं ले रहे हैं। डीएम ने सभागार में सीसीटीवी कैमरा लगवाने के आदेश एसडीएम को दिए हैं।
बहेड़ी में 22 में से पांच शिकायतों का निकला हल
बहेड़ी। संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम संतोष बहादुर सिंह और एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल 22 शिकायते आईं, जिनमें से पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। तहसील दिवस में गन्ना भुगतान का मुद्दा छाया रहा। संवाद
मीरगंज में 24 शिकायतें पंजीकृत, एक का निस्तारण
मीरगंज। तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस एसडीएम तृप्ति गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें कुल 24 शिकायतें पंजीकृत हुईं। एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया।
राजस्व की सात, पुलिस की आठ, आपूर्ति की चार, विकास की दो, विद्युत की दो, नगर विकास की एक शिकायत पंजीकृत हुई। वहीं, भाकियू के मंडल अध्यक्ष अरुण सिंह राठी के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता तहसील सभागार पहुंचे। बिजली निगम द्वारा उनके प्लाॅटों के ऊपर से गुजरे 11 हजार वोल्टेज की लाइन को हटाने की गुहार लगाई। संवाद
बिजली के तार टूटकर गिरने से हादसे की आशंका
मीरगंज। क्षेत्र के गांव कुल्छा खुर्द के ग्रामीणों ने आए दिन बिजली के तार टूटकर गिरने से हादसे की आशंका जाहिर कर एसडीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। संवाद
आंवला में भूमि संबंधी विवादों की शिकायतें ज्यादा आईं
आंवला। संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि संबंधी विवादों की शिकायतें सबसे ज्यादा रहीं। इस दौरान 114 फरियादी शिकायतें लेकर पहुंचे। मौके पर केवल 15 शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। इस दौरान भाकियू शंकर गुट नेता प्रताप सिंह ने अभी हाल ही में तेल टैंकर में वेल्डिंग करते हुए टैंकर की टंकी में हुए विस्फोट में हेल्पर संदेश की मौत होने के मामले में ज्ञापन सौंपकर आबादी के बीच टैंकर खड़ी न करने एवं अवैध पार्किंग स्थल पर सख्ती की मांग की है। बिशारतगंज वार्ड 12 के सभासद प्रदीप साहू ने कोटेदार पर घटतौली का आरोप लगाया है। संवाद
117 शिकायतों में से 15 का निस्तारण
फरीदपुर। तहसील सभागार में एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में 117 शिकायतें पहुंचीं। 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग एवं चकबंदी विभाग से संबंधित दर्ज की गईं। इस मौके पर एसडीएम मल्लिका नैन, तहसीलदार सुरभि राय आदि रहे। संवाद