कलक्ट्रेट सभागार में हुई जिला पर्यावरण समिति, जिला वृक्षारोपण समिति और जिला गंगा समिति की बैठक
बरेली। नकटिया और किला नदी में सीवेज बहाने वाले लोगों को एक हफ्ते के भीतर नगर स्वास्थ्य अधिकारी नोटिस देकर उनके खिलाफ कार्रवाई करें। जल निगम के अधिशासी अभियंता (शहरी व ग्रामीण) रामगंगा नदी में गिरने वाले नालों को एसटीपी से टैप कराएं। जो नाले एसटीपी से टैप नहीं है, उनका पानी बायोरेमेडिएशन के माध्यम से ट्रीट किया जाए। यह निर्देश जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यावरण समिति, जिला वृक्षारोपण समिति और जिला गंगा समिति की बैठक में दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नगर निगम की ओर से कराए जा रहे बायोरेमेडिएशन संबंधी काम की क्रॉस चेकिंग क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण बोर्ड और जल निगम ग्रामीण करें। एसपी ट्रैफिक और आरटीओ को निर्देश दिया कि रात में शहर के आवासीय क्षेत्रों से भारी वाहनों के निकलने पर रोक लगाएं। डीएम ने कहा कि वर्ष 2025 में पौधरोपण की अंतर विभागीय क्रॉस चेकिंग रिपोर्ट 30 नवंबर तक हर हाल में प्रभागीय वनाधिकारी को मिल जाए। सभी एसडीएम और बीडीओ को ग्राम पंचायतों में ग्रीन चौपाल के आयोजन के निर्देश डीएम ने दिए। ब्यूरो
कूड़ा जलाने वालों पर कार्रवाई करे नगर निगम और बीडीए
डीएम ने नगर निगम और बीडीए प्रशासन को निर्देश दिया कि शहर और प्राधिकरण क्षेत्र में कूड़ा जलाने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई करें। उपकृषि निदेशक और जिला कृषि अधिकारी को पराली जलाने वालों के खिलाफ एफआईआर कराने के लिए कहा। नगर निगम प्रशासन को अग्निशमन विभाग से समन्वय स्थापित कर उनके वाहनों से शहर की सड़कों के दोनों ओर पेड़ों पर पानी का छिड़काव कराने के लिए कहा।