बरेली। भवनों के निर्माण से पहले स्वीकृत होने वाले नक्शों के संबंध में बुधवार को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) में कार्यशाला हुई। इसमें नक्शा स्वीकृति प्रक्रिया को सरल बनाने पर चर्चा की गई। तय हुआ कि संबंधित विभाग एनओसी के लिए आवेदक के प्रार्थनापत्र का अधिकतम 15 दिन में निस्तारण कर एनओसी जारी करेंगे।
दरअसल, बीडीए नक्शा स्वीकृति से संबंधित विभिन्न विभागों से प्राप्त होने वाले एनओसी (अनापत्ति प्रमाणपत्र) की प्रक्रिया को सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध बना रहा है। इसके लिए कार्यशाला में यूनिफाइड एनओसी मैनेजमेंट पोर्टल (आरएमएसआईएस) रिगार्डिंग मैप सैंक्शनिंग इंप्लीमेंटेशन सॉफ्टवेयर के बारे में बताया गया। सॉफ्टवेयर कंपनी अभियंत्रिकी ने पोर्टल की कार्यप्रणाली पर प्रस्तुतीकरण दिया।
बीडीए के उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. ने विभागों के नोडल अधिकारियों से कहा कि एनओसी से संबंधित प्राप्त होने वाले आवेदनों का अधिकतम 15 दिवस के भीतर निस्तारण करें। कार्यशाला में फास्ट पॉस मॉड्यूल के संबंध में भी बताया गया। संवाद
जोखिम वाली श्रेणी में किया गया वर्गीकृत
बीडीए के उपाध्यक्ष ने बताया कि अनुमोदित लेआउट में 500 वर्ग मीटर तक के आवासीय प्रयोजन (बहु इकाई को छोड़कर) एवं 200 वर्ग मीटर तक के व्यावसायिक प्रयोजन के भूखंडों में जहां योजनाएं एक अनुज्ञापित तकनीकी व्यक्ति के स्तर से तैयार की गई हैं और यह प्रमाणित किया गया है कि प्रस्तावित निर्माण/पुनर्निर्माण महायोजना एवं भवन उपविधि के अनुसार है, को मध्यम जोखिम वाली श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है। ऐसे भूखंडों के नक्शों को पंजीकृत आर्किटेक्ट या लाइसेंसी इंजीनियर से निर्धारित शुल्क जमा कराकर स्वीकृत कराया जा सकेगा।