भोजीपुरा।घंघोरा पिपरिया पंचायत घर में दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों से वार्ता करते पुलिस प्रशा
भोजीपुरा। गांव घंघोरा पिपरिया में समुदाय विशेष के लोगों द्वारा ग्राम समाज की भूमि पर धार्मिक स्थल बनाकर कब्जा करने के मामले में शनिवार को यहां अधिकारियों ने स्थलीय जांच की। इसके बाद दोनों समुदायों के लोगों से वार्ता की। प्रशासन ने धार्मिक स्थल पर लगे लाउडस्पीकर को हटवा दिया है। उसमें किसी भी गतिविधि के संचालन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है।
थाना क्षेत्र के गांव घंघोरा पिपरिया में समुदाय विशेष के लोगों द्वारा ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा करके धार्मिक स्थल बना लिया गया। गांव चमन सिंह यादव आदि ने तहसील व सिविल कोर्ट में वाद दायर किया। हिंदूवादी नेताओं अर्जुन सिंह यादव व अगेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि सिविल व तहसीलदार की कोर्ट ने बेदखली का आदेश जारी किया था। लंबे समय बाद भी पुलिस प्रशासन कब्जा नहीं हटवा पाया।
पिछले दिनों हिंदूवादी संगठनों के नेता व घंघोरा पिपरिया के ग्रामीण एसडीएम सदर से मिले और ज्ञापन सौंपकर सरकारी जमीन से कब्जा हटवाने की मांग की थी। इसी सिलसिले में शनिवार को दोपहर एसडीएम सदर गोविंद मौर्य व सीओ हाईवे नितिन कुमार, बीडीओ भोजीपुरा, कमल कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा प्रवीन सोलंकी व राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दोनों अफसरों ने पंचायत घर में दोनों समुदायों के लोगों के मध्य वार्ता की।
एसडीएम सदर गोविंद मौर्य ने बताया कि लाउडस्पीकर को लेकर आपत्ति थी। पुलिस की मौजूदगी में उसे उतरवा दिया गया है। धार्मिक स्थल में किसी भी गतिविधि के संचालन पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी गई है। संवाद