बरेली। शराब कारोबारी मनोज जायसवाल व उसके सिंडीकेट के खिलाफ वक्त दर वक्त मामले तो दर्ज हुए, लेकिन कार्रवाई कभी अंजाम तक नहीं पहुंच सकी। 27 मार्च 2021 को अवैध शराब से भरा ट्रक पकड़ने के बाद तत्कालीन बारादरी थाना प्रभारी शितांशु शर्मा ने अपने ही थाने में मनोज जायसवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आज तक विवेचना लखनऊ एसआईटी के पास लंबित है।
दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, रात में गश्त के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि शराब से भरा ट्रक हरूनगला पुल के पास खड़ा है। पुलिस टीम पहुंची तो ट्रक मिल गया। ट्रक पर ड्राइवर फतेहगंज पश्चिमी थाने के अगरास गांव का रहने वाला संजय कुमार मिला। उसने बताया कि वह कानपुर के दादा नगर औद्योगिक क्षेत्र से शराब लाया है। शराब स्टेडियम रोड निवासी मनोज जायसवाल की है। उसने अपने डाउन टाउन बार व शराब की दुकानों में खपाने के लिए यह शराब मंगाई है।
ट्रक में शराब की 1415 पेटियां थीं। यह शराब बरेली में बिकने के लिए अधिकृत नहीं थी। मामला सीधे तौर पर आबकारी शुल्क की चोरी से जुड़ा था।
तब इंस्पेक्टर ने आबकारी टीम को भी बुला लिया। शराब का नमूना लेकर उसे सील कर दिया गया। थाना प्रभारी ने मनोज जायसवाल के साथ ही ट्रक ड्राइवर संजय के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई। अब मनोज व उसके समूह के खिलाफ सहारनपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की है। ब्यूरो