बरेली के प्रेमनगर थाने के इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह यादव को सिपाही की गर्भवती पत्नी पर अभद्र टिप्पणी करना भारी पड़ गया। शिकायत मिलने पर एसएसपी ने इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह यादव को प्रेमनगर थाने से हटा दिया है।
बरेली के प्रेमनगर थाने के सिपाही की गर्भवती पत्नी पर अभद्र टिप्पणी से नाराज एसएसपी अनुराग आर्य ने इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह यादव को थाने से हटा दिया है। उन्हें भमोरा थाने में इंस्पेक्टर क्राइम बनाया गया है। महिला सशक्तीकरण का संदेश देते हुए थाने की कमान एएसपी अंजना दहिया को सौंपी गई है। सिपाही की गर्भवती पत्नी भी पुलिस विभाग में ही तैनात है। वह इन दिनों मातृत्व अवकाश पर हैं।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक 16 अप्रैल को सिपाही की सीसीटीएनएस में रात की ड्यूटी थी। रात में सिपाही को इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बुलाया और किसी सौंपे हुए कार्य के बारे में पूछताछ की। सिपाही ने कार्य की हामी भरी पर इंस्पेक्टर ने कार्य न करने पर उसकी गर्भवती पत्नी पर अभद्र टिप्पणी शुरू कर दी। इस दौरान वहां थाने के अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।
सार्वजनिक टिप्पणी से आहत सिपाही ने यह पूरा प्रकरण थाना के तस्करा में दर्ज कर दी। ये शिकायत जब एसएसपी अनुराग को मिली तो उन्होंने त्वरित कार्रवाई के तहत इंस्पेक्टर सुरेंद्र से चार्ज छीन लिया। उन्हें भमोरा थाने में तबादला कर दिया। प्रेमनगर थाने की कमान अब एएसपी अंजना दहिया संभालेंगी।