किला बाज़ार से बड़ा बाज़ार तक अतिक्रमण हटवाते एसपी ट्रेफिक - अमर उजाला
बरेली। दिन में कमिश्नर के आईजी के संग घूमकर शहर का हाल देखने का असर रात को दिखाई दिया। एसपी ट्रैफिक ने पूरे अमले के साथ शहर बाजार में घूमकर अतिक्रमण हटवाया। व्यापारियों को समझाया कि आप नहीं माने तो पुलिस सख्ती बरतने को मजबूर होगी।
सोमवार को दिन में कमिश्नर ने आईजी के साथ शहर का भ्रमण किया था। वह बाजार के उन रास्तों पर भी निकली थीं जहां निर्माण कार्य की वजह से वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है और व्यापारियों की दुकानों का काफी सामान अब भी बाहर ही रखा है। दुकानों के आगे ठेले व खोमचे भी लगवा रखे हैं। इस पर कमिश्नर ने आईजी से आवागमन दुरुस्त कराने को अतिक्रमण हटाने की बात कही थी। सोमवार रात एसपी ट्रैफिक राममोहन सिंह, सीओ टू, किला इंस्पेक्टर व पुलिस के साथ किला बाजार में निकले। उन्होंने व्यापारियों से बात की। कहा कि अपनी दुकानों का सामान अंदर ही रखें और अनावश्यक अतिक्रमण न करें तो कुछ दिनों में पुल निर्माण होने पर स्थिति बेहतर हो जाएगी। ऐसा नहीं किया गया तो रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ेगी। एसपी ट्रैफिक की अपील का असर दिखाई दिया और कई व्यापारियों ने खुद ही सामान अंदर रखकर भविष्य में भी सहयोग देने का आश्वासन दिया।