रिठौरा। गांव अदलखिया में घर में खेलते वक्त छत से गिरे मासूम (4) की मंगलवार देर रात अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना इज्जतनगर के गांव अदलखिया निवासी भाजपा रिठौरा मंडल उपाध्यक्ष रमेश साहू ने बताया कि उनके भाई बबलू का बेटा अभिषेक (4) ग्लोबल पब्लिक स्कूल में एलकेजी का छात्र था। मंगलवार को छुट्टी के बाद दोपहर में दो बजे घर पहुंचा। कपड़े बदलकर एक अन्य बच्चे के साथ अपने ही घर की छत पर खेलने चला गया। मां संजना और उनकी छोटी बेटी नीचे कमरे में थीं। तभी छत से वह आंगन में गिरकर गंभीर घायल हो गया। परिजन उसे बरेली के निजी अस्पताल ले गए, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बुधवार को मासूम का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मासूम की मौत पर प्रदेश प्रमुख शोध विभाग भाजपा ओबीसी मोर्चा शिवमंगल सिंह राठौर, मनोज गंगवार आदि ने दुख जताया है। संवाद