बरेली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) क्षेत्रीय कार्यालय से संबद्ध जिलाें में सोमवार को निधि आपके निकट 2.0 आउटरीच कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें पेंशनधारकों की समस्याओं का समाधान करने के साथ ही उन्हें केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
बरेली के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में आयोजित कार्यक्रम में सहायक भविष्य निधि आयुक्त संजीव सिंह ने क्रमवार लाभार्थी के पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (डीएलसी), यूएएन सक्रिय, केवाईसी अपडेट, पेंशन, दावा निस्तारण संबंधित समस्या की सुनवाई की। साथ ही इनसे जुड़ीं समस्याओं का मौके पर समाधान कराया गया।
नियोक्ता, श्रमिकों को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएमवीबीआरवाई) के तहत रोजगार सृजन प्रोत्साहन और सुविधा की जानकारी दी गई। इंप्लॉय एनरोलमेंट कैंपेन (ईईसी) 2025 से नए कर्मचारियों के ईपीएफओ पंजीकरण, यूएएन जनरेशन, पेंशन योजना के बारे में बताया। सहायक भविष्य निधि आयुक्त ने भविष्य में भी जनहितकारी आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही। ब्यूरो